Last Updated:
Satna News: ठंड में गले और कफ की दिक्कत से बचने के लिए सिर्फ काढ़ा ही नहीं बल्कि सही दिनचर्या भी अनिवार्य है. ठंडी चीजों से परहेज करें, गुनगुना पानी पीएं और सही समय पर भोजन करना काफी फायदेमंद होता है.
सतना. ठंड का मौसम आते ही कई लोगों को गले में जलन, खराश, कफ जमना और गर्दन जाम होने जैसी परेशानियां घेर लेती हैं. सुबह उठते ही आवाज बैठी हुई महसूस होना और गले में चुभन आम समस्या बन जाती है. ऐसे में लोग तरह-तरह की दवाइयों का सहारा लेते हैं लेकिन कुछ छोटी-छोटी घरेलू आदतें और देसी नुस्खे इन समस्याओं से बड़ी राहत दिला सकते हैं. खासकर अगर आप रात में दूध पीकर सोने की आदत रखते हैं, तो सर्दियों में यह आदत आपके लिए नुकसानदायक भी हो सकती है. डायटिशियन की मानें तो कफ और गले की समस्या का सीधा कनेक्शन पेट से जुड़ा होता है, जिसे सुधारकर ही स्थायी राहत पाई जा सकती है.
रात में दूध पीने की आदत पड़ेगी भारी
कई लोगों को रात में सोने से पहले दूध पीने की आदत होती है लेकिन ठंड के मौसम में यह आदत सावधानी मांगती है. डायटिशियन के अनुसार, अगर आप डिनर के तुरंत बाद दूध पी लेते हैं, तो यह शरीर पर नेगेटिव असर डालता है. भोजन और दूध के बीच कम से कम एक से दो घंटे का गैप होना जरूरी है. अगर गैप नहीं दिया गया, तो दूध सही से पच नहीं पाता और कफ, एसिडिटी और गले की जलन बढ़ सकती है.
दूध में मिलाएं बस एक चुटकी
अगर आप दूध छोड़ नहीं सकते, तो उसे हेल्दी बनाया जा सकता है. रात में दूध को हल्का गुनगुना करें और उसमें एक चुटकी हल्दी और थोड़ा सा कद्दूकस किया हुआ अदरक मिलाएं. हल्दी एंटी-इंफ्लेमेटरी होती है और अदरक कफ को तोड़ने में मदद करता है. इसे तब तक अपनाएं, जब तक गले में पूरी तरह आराम न मिल जाए.
एक रात में तैयार होने वाला देसी काढ़ा
सर्दियों में पेट और गले दोनों को दुरुस्त रखने के लिए एक आसान घरेलू ड्रिंक भी बेहद फायदेमंद है. इसके लिए रात में एक गिलास पानी में आधा चम्मच मेथी दाना और आधा चम्मच अजवाइन भिगोकर रख दें. सुबह इस पानी को हल्का गुनगुना करके पी लें. यह ड्रिंक डाइजेशन सुधारती है, पेट की जलन कम करती है और कफ की समस्या को जड़ से खत्म करने में मदद करती है.
दिनचर्या में छोटे बदलाव देंगे बड़ा फायदा
ठंड में गले और कफ की समस्या से बचने के लिए सिर्फ काढ़ा ही नहीं बल्कि सही दिनचर्या भी जरूरी है. ठंडी चीजों से परहेज, गुनगुना पानी पीना और सही समय पर भोजन करना बेहद फायदेमंद होता है. अगर पेट स्वस्थ रहेगा, तो गले से जुड़ी परेशानियां अपने आप कम हो जाएंगी. सर्दियों में दवाइयों से ज्यादा असरदार ये देसी नुस्खे आपकी सेहत के लिए वरदान साबित हो सकते हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.