मऊगंज जिले के नईगढ़ी के पहिलपार गांव में रविवार रात एक किसान के घर अचानक आग लग गई। इस हादसे में घर के अंदर बंधा एक मवेशी जलकर मर गया, वहीं घरेलू उपयोग का सारा सामान भी जल गया। घटना के बाद पीड़ित किसान ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
.
रात में लगी आग, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, पहिलपार गांव निवासी पशुपालक किसान धर्मेंद्र कुमार द्विवेदी, पिता मुनिराज द्विवेदी, खेत में बने अपने मकान में रहते हैं। रविवार शाम करीब 8 बजे उन्होंने मवेशी को अहरी में बांधा और जरूरी सामान वहीं रखकर पास के पुराने घर में खाना खाने चले गए। कुछ देर बाद अहरी की ओर से आग की लपटें उठती दिखाई दीं।
ग्रामीणों ने बुझाई आग
आग की खबर मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। काफी कोशिश के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक अहरी के अंदर रखा सारा सामान जल चुका था। आग में दो एचपी का मोटर पंप, स्टार्टर, गेहूं, खाद और अन्य घरेलू सामग्री नष्ट हो गई। अहरी में बंधा मवेशी भी आग की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
कारणों की जांच कर रही पुलिस
घटना के बाद सोमवार सुबह किसान धर्मेंद्र कुमार द्विवेदी ने नईगढ़ी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में एसआई पवन अवस्थी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
मुआवजे की मांग
किसान ने बताया कि घटना से उसे भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन से पीड़ित उचित मुआवजा देने की मांग की है।