सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगापुर हनुमान मंदिर एनएच-44 पर जय भारत ट्रेवल्स की बसों में तोड़फोड़ और बस स्टाफ के साथ मारपीट करने वाले छह नामजद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों का जुलूस भी निकाला। बी
.
एसपी ने खुद लिया मामले का संज्ञान
लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने स्वयं इस मामले को संज्ञान में लिया था। इसके बाद विशेष टीम बनाकर आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जनकपुर गांव निवासी भानू गुर्जर, श्यामवीर गुर्जर, योगेन्द्र गुर्जर, मंटो गुर्जर सहित कुल छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जनकपुर गांव से हुई गिरफ्तारी
रविवार को आधा सैकड़ा पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने जनकपुर गांव में दबिश देकर सभी को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में श्यामवीर गुर्जर 10 हजार रुपए का इनामी बदमाश है। उस पर ग्वालियर में पुलिस आरक्षक अनिल तोमर को गोली मारने का आरोप है और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
जुलूस निकालती पुलिस
गैर परमिट बस को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार 20 दिसंबर को गैर परमिट बस संचालक भानू गुर्जर का जय भारत ट्रेवल्स की परमिट बस से यात्रियों को जबरन उतारने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद के दौरान भानू गुर्जर द्वारा गोलियां चलाई गई थीं। इसके बाद आरोपियों ने 15 दिनों के भीतर चार अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया।
बसों में तोड़फोड़ और यात्रियों से मारपीट
आरोपियों ने बस चालकों, स्टाफ और सवारियों के साथ मारपीट की और कई बसों में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे यात्री और बस ऑपरेटर दहशत में आ गए थे। लगातार हो रही मारपीट और तोड़फोड़ की घटनाओं से बस ऑपरेटरों में भारी नाराजगी थी। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने निकाला आरोपियों का जुलूस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर सख्त संदेश दिया कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। एसपी समीर सौरभ ने कहा कि जिले की कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्थिति में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।