IPL Broadcast Banned in Bangladesh: भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव का असर अब क्रिकेट पर भी दिखने लगा है. देशभर में आक्रोश और विरोध के बाद बीसीसीआई ने बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर का रास्ता दिखा दिया. कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें रिलीज करने का फैसला किया. भारत के इस कदम से बांग्लादेश की बौखलाहट साफ तौर से दिखाई दे रही है. सोमवार को बांग्लादेश सरकार ने अनिश्चित समय के लिए आईपीएल प्रसारण को अपने देश में बैन करने का फैसला किया. बड़ा सवाल ये है कि बांग्लादेश के इस कदम से क्या बीसीसीआई को भारी नुकसान होगा या इससे बांग्लादेश को ही झटका लगेगा?
IPL प्रसारण पर रोक लगाकर बांग्लादेश के खुद अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने वाला काम किया है. फुटबॉल की भाषा में कहें तो ये ‘सेल्फ गोल’ है. जी हां, इस फैसले से भारतीय क्रिकेट बोर्ड को रत्ती भर भी नुकसान नहीं होगा. बांग्लादेश बीसीसीआई के ब्रॉडकास्ट मार्केट का बहुत छोटा हिस्सा है. आइए इस समीकरण को समझते हैं.
बांग्लादेश का घाटा, BCCI का कुछ नहीं जाता
बांग्लादेश के इस फैसले पर कई बिजनेस संबंधी एक्सपर्ट ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. ज्यादातर एक्सपर्ट का मानना है कि आईपीएल बैन करने से बीसीसीआई को ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा, उल्टा बांग्लादेश के लिए ये घाटे का सौदा है. मूल्यांकन सेवा प्रदाता डीएंडपी एडवाइजरी सर्विसेज के प्रबंध भागीदार संतोष एन ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया कि बांग्लादेश में आईपीएल प्रसारण पर प्रतिबंध लगाने के इस कदम का कोई बड़ा प्रभाव नहीं दिखता। इससे बीसीसीआई के राजस्व पर कोई असर नहीं पड़ेगा और न ही ब्रॉडकास्टर द्वारा किए जाने वाले भुगतान में कोई परिवर्तन आएगा.
उन्होंने आगे कहा कि दर्शकों की संख्या पर भी शायद ही कोई असर पड़ेगा, क्योंकि पिछले सीजनों में आईपीएल में केवल दो या तीन बांग्लादेशी खिलाड़ी ही सक्रिय रहे हैं.
क्या कहते हैं रेवेन्यू के आंकड़े?
राजस्व के लिहाज से देखें तो बांग्लादेश में आईपीएल के प्रसारण पर रोक से BCCI को नामात्र नुकसान होगा. क्योंकि IPL के 2023-27 के मीडिया अधिकार चक्र के लिए अनुबंध के तहत 48,390.32 करोड़ रुपये तय किए गए हैं. बांग्लादेश के अधिकार धारक टी स्पोर्ट्स के पास एक समझौते के तहत 2027 तक IPL के अधिकार हैं, और सूत्रों का कहना है कि मैचों का प्रसारण न होने पर भी भुगतान समझौते के अनुसार ही होगा. ब्रांड फाइनेंस के अजिमोन फ्रांसिस ने प्रतिबंध जारी रहने पर कुल प्रभाव को “2% से कम” बताया है, जिसका अर्थ है कि IPL के मुख्य अधिकारों से होने वाली आय की तुलना में बांग्लादेश के विज्ञापन संग्रह पर अधिक प्रभाव पड़ेगा.
ये भी पढ़ें: 6,6,6,4,6,6… IPL 2026 के अनसोल्ड खिलाड़ी ने SA20 में मचाया कोहराम, स्टार गेंदबाज के ओवर में ठोके 34 रन