IPL 2026 Five Big Players Release: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लिए होने वाला मिनी ऑक्शन खास होने वाला है, क्योंकि 15 नवंबर को सभी 10 टीमों ने अपने रिलीज और रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है. इस बार 5 ऐसे खिलाड़ियों को भी रिलीज कर दिया गया है, जिन्हें पिछले सीजन खूब पैसा मिला था. अब ये खिलाड़ी जब मिनी ऑक्शन में आएंगे तो उन्हें खरीदने के लिए होड़ मचना तय माना जा रहा है. रिलीज हुए टॉप 5 महंगे खिलाड़ी में सबसे पहला नाम वेंकटेश अय्यर का है, जिन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने जाने दिया. टीम के स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल भी रिलीज किए गए हैं.
IPL कमेटी ने शनिवार को रिटेन, रिलीज और ट्रेड लिस्ट जारी की है. सभी 10 टीमों की तस्वीर भी साफ हो गई. चेन्नई सुपर किंग्स ने मथीश पथिराना जैसे स्टार बॉलर को रिलीज किया है. आइए जानते हैं ऑक्शन से पहले रिलीज हुए टॉप 5 महंगे खिलाड़ी कौन हैं.
वेंकटेश अय्यर (23.75 करोड़)
1. वेंकटेश अय्यर भी रिलीज हो गए हैं. IPL 2025 में वो पूरी तरह फ्लॉप रहे थे. पिछले सीजन के 11 मैचों में उनके बल्ले से सिर्फ 142 रन निकले थे. वो पिछले सीजन के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी थे. मेगा ऑक्शन में KKR ने उन्हें जिद पर खरीदा था. लखनऊ सुपर जायंट्स 7.75 करोड़ की बोली के बाद पीछे हट गई थी. फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 23.50 करोड़ की बोली तक गई, लेकिन फिर उसने हार मानी और केकेआर ने उन्हें 23.75 करोड़ में खरीद लिया था. इस फैसले ने सभी को चौंका दिया था.
2. मथीशा पथिराना ( 13 करोड़)
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने स्टार बॉलर मथीशा पथिराना को रिलीज कर दिया है. श्रीलंका से आने वाले इस तेज गेंदबाज का पिछला सीजन कुछ खास नहीं गया था. दिग्गज लसिथ मलिंगा जैसे बॉलिंग एक्शन वाले इस गेंदबाज ने 10.13 की इकॉनमी से रन खर्च किए थे और 12 मैचों में सिर्फ 13 विकेट ले सके थे. आईपीएल 2025 के लिए उन्हें चेन्नई ने रिटेन किया था, लेकिन इस बार उन्हें रिलीज करने का फैसला किया है.
3. आंद्रे रसेल (12 करोड़)
कोलकाता नाइट राइडर्स ने तूफानी ऑलराउंडर आंद्रे रसेल को भी रिलीज कर दिया है. इस फैसले से सभी हैरान हैं, क्योंकि वो पिछले कई सालों से इस टीम का हिस्सा थे. पिछले सीजन टीम ने उन्हें 12 करोड़ में अपने साथ जोड़ा था, लेकिन वो फ्लॉप रहे. पिछले सीजन 13 मैच में उन्होंने सिर्फ 167 रन किए थे और गेंदबाजी में 8 विकेट ले पाए थे. रसेल पिछले कुछ सीजन से खराब फॉर्म में थे. यही वजह रही कि 37 साल के इस खिलाड़ी को केकेआर ने जाने दिया.
4. रवि बिश्नोई (11 करोड़)
स्टार लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को लखनऊ सुपरजाइंट्स ने रिलीज कर दिया है. पिछले सीजन उन्हें इस टीम ने 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया था, लेकिन वो उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर सके. उन्होंने 11 मैचों में सिर्फ 9 विकेट लिए थे और 10.84 की इकॉनमी रेट से रन दिए थे. इससे पहले 2024 का सीजन भी उनका खराब गया था, क्योंकि वो 14 मैचों में सिर्फ 10 विकेट ले पाए थे. अब देखना होगा कि बिश्नोई को मिनी ऑक्शन में कौन सी टीम अपने साथ जोड़ेगी.
5. जेक फ्रेजर मैकगर्क (9 करोड़)
ऑस्ट्रेलिया के तूफानी बल्लेबाज जेक फ्रेजर मैकगर्क को दिल्ली कैपिटल्स ने रिलीज कर दिया है. पिछले सीजन उन्हें 9 करोड़ में रिटेन किया गया था, लेकिन वो दिल्ली के भरोसे पर खरा नहीं उतरे थे. उन्होंने 6 मैचों में 9 की औसत से सिर्फ 55 रन किए थे. यही वजह है कि दिल्ली ने 9 करोड़ के इस खिलाड़ी को बाहर कर दिया. ये वही जेक फ्रेजर मैकगर्क हैं, जो पावरप्ले में धमाकेदार प्रदर्शन करने के लिए पहचाने जाते हैं, उनके पास तेजी से रन बनाने की क्षमता है, लेकिन पिछला सीजन उनके खिलाफ गया था.
ये भी पढ़ें: KKR IPL 2026 Squad: आंद्रे रसेल, अय्यर समेत यह 9 खिलाड़ी रिलीज, KKR ने लिया चौंकाने वाला फैसला