मऊगंज विधायक पर हमले के प्रयास में FIR: दूसरे पक्ष ने सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया; एसपी से शिकायत – Mauganj News

मऊगंज विधायक पर हमले के प्रयास में FIR:  दूसरे पक्ष ने सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया; एसपी से शिकायत – Mauganj News


मऊगंज में एक जमीन विवाद में विधायक प्रदीप पटेल पर हमले के प्रयास के आरोप में उनके निज सहायक की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। वहीं, दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है और सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।

.

थाना मऊगंज पुलिस ने विधायक प्रदीप पटेल पर डीजल डालकर आग लगाने की कोशिश और उनके वाहन में तोड़फोड़ के मामले में 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विधायक के निज सहायक रामानंद पटेल की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 126(2), 324(4), 296 और 351(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

एफआईआर के अनुसार, 3 जनवरी को घूरेहटा कला में जमीन विवाद की सूचना मिलने पर विधायक मौके पर पहुंचे थे। वहां दोनों पक्षों को समझाने के दौरान देर रात बड़ी संख्या में लोग घातक हथियार लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि भीड़ में एक व्यक्ति डीजल से भरी गैलन लेकर आया और विधायक पर डीजल डालकर आग लगाने का प्रयास किया गया।

विधायक के स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें किसी तरह भीड़ से बाहर निकाला। इस दौरान विधायक के वाहन को रोककर उसमें तोड़फोड़ की गई।

मीडिया से चर्चा करता अनूपेंद्र पांडे।

दूसरी ओर, घूरेहटा निवासी अनूपेंद्र पांडे और अजीत पांडे ने सोमवार शाम को एसपी कार्यालय पहुंचकर अपना अलग पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि बाईपास स्थित जमीन नंबर 844 उनकी पुश्तैनी जमीन है, जिस पर पहले से न्यायालय का स्थगन आदेश (स्टे) है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विनोद खोडवानी के साथ विधायक सैकड़ों समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे, टेंट गाड़कर धरने पर बैठ गए और जमीन पर कब्जे की कोशिश की गई।

विधायक पर हुआ था हमला।

विधायक पर हुआ था हमला।

आत्मदाह की चेतावनी

अनूपेंद्र पांडे का कहना है कि जब प्रशासन और विधायक ने उनकी बात नहीं सुनी तो उन्होंने आत्मदाह की चेतावनी दी और डीजल मंगाया गया। उस समय मीडिया और स्थानीय लोग भी मौजूद थे। उन्होंने वाहन में तोड़फोड़ और आगजनी के आरोपों को निराधार बताया और कहा कि शासन–सत्ता का दुरुपयोग कर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाया जा रहा है।

मामले की कर रहे जांच

पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link