शिवपुरी समेत प्रदेश में आयुष्मान भारत सेवाएं ठप: एजेंसी का अनुबंध खत्म होने से कैशलेस इलाज और क्लेम प्रक्रिया प्रभावित – Shivpuri News

शिवपुरी समेत प्रदेश में आयुष्मान भारत सेवाएं ठप:  एजेंसी का अनुबंध खत्म होने से कैशलेस इलाज और क्लेम प्रक्रिया प्रभावित – Shivpuri News



आयुष्मान भारत निरामयम् योजना के तहत सेवाएं 22 दिसंबर 2025 की रात से प्रभावित हुई हैं। दरअसल, बीएफए एजेंसी एमडी इंडिया टीपीए प्राइवेट लिमिटेड का अनुबंध समाप्त हो गया है। इस वजह से शिवपुरी सहित पूरे प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में कैशलेस इलाज, आयुष्मान

.

जानकारी के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश जिलों में आयुष्मान सेंटर बंद हो गए हैं। आयुष्मान मित्र और तकनीकी स्टाफ के हटने से अस्पतालों में नए कार्ड नहीं बन पा रहे हैं और मरीजों के क्लेम भी समय पर दर्ज नहीं हो रहे हैं। कई स्थानों पर पहले से भर्ती मरीजों के क्लेम लंबित होने से अस्पताल प्रबंधन और मरीजों के परिजनों के बीच तनाव बढ़ रहा है।

निजी खर्च पर इलाज करवा रहे मरीज शिवपुरी जिले में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को विशेष कठिनाई हो रही है। आयुष्मान योजना के तहत इलाज की उम्मीद में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को या तो बिना इलाज के लौटना पड़ रहा है, या फिर उन्हें निजी खर्च पर उपचार कराना पड़ रहा है। यह स्थिति गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए चुनौतीपूर्ण बन गई है।

इस संबंध में जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी शिवपुरी, डॉ. संजय ऋषिश्वर ने बताया कि प्रदेश में वेंडर कंपनी की अनुबंध अवधि समाप्त होने के कारण अस्पतालों के आयुष्मान सेंटर बंद हैं। विभाग ने रोगी कल्याण समिति (RKS) को अस्थायी तौर पर सेंटर चालू करने के निर्देश दिए हैं। डॉ. ऋषिश्वर के अनुसार, जल्द ही रोगी कल्याण समिति द्वारा ऑपरेटरों के माध्यम से आयुष्मान सेंटर फिर से शुरू किए जाएंगे।

RKS फंड से ऑपरेटर तैनात किए जाएंगे राज्य स्वास्थ्य एजेंसी ने सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) को निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों में कहा गया है कि नई बीएफए एजेंसी की नियुक्ति होने तक रोगी कल्याण समिति (RKS) के माध्यम से अस्थायी व्यवस्था की जाए। इस व्यवस्था के तहत, RKS फंड का उपयोग कर ऑपरेटरों की तैनाती की जाएगी, जिससे आयुष्मान कार्ड बनाने और क्लेम रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया फिर से शुरू हो सके।

वहीं नई बीएफए एजेंसी के चयन की निविदा प्रक्रिया अभी जारी है। जब तक नई एजेंसी की नियुक्ति नहीं होती, तब तक आयुष्मान भारत निरामयम योजना की सेवाएं पूरी तरह सामान्य होने में समय लग सकता है। फिलहाल शिवपुरी सहित पूरे प्रदेश में मरीज अस्थायी व्यवस्था के भरोसे हैं और शासन से जल्द स्थायी समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।



Source link