Kapil Dev Birthday: भारतीय क्रिकेट को दुनिया के सामने इज्जत दिलाने में अहम रोल निभाने वाले पूर्व महान कप्तान कपिल देव आज यानी 6 जनवरी, 2026 को अपना 67वां जन्मदिन मना रहे हैं. कौन भूल सकता है 1883 का वो पल, जब कपिल देव की कप्तानी में टीम इंडिया ने ‘क्रिकेट के मक्का’ लॉर्ड्स पर तिरंगा लहराया था और दुनिया को बता दिया था कि भले ही इस खेल को जन्म अंग्रेजों ने दिया है, लेकिन इसपर राज हमारा होगा. कपिल देव उन भारतीय खिलाड़ियों में से थे, जो अकेले अपने दम पर मैच जिताने की काबिलियत रखते थे. 1983 वर्ल्ड कप में जब जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में भारत ने 30 रन से भी कम स्कोर पर 5 विकेट खो दिए तब कपिल क्रीज पर उतरे और 175 रनों की करिश्माई पारी खेलकर भारतीय क्रिकेट की काया पलट कर दी.
कपिल देव किस स्तर के खिलाड़ी थे उसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि उन्होंने भारत के लिए कुल 131 टेस्ट खेले और इतने साल के करियर में सिर्फ एक मैच में ड्रॉप हुए. ये आंकड़े अपने आप में उनकी महानता को दर्शाता है. हरियाणा में जन्में कपिल ने यूं तो अपने करियर में कई सारे रिकॉर्ड्स बनाए, जो समय के साथ टूट भी गए, लेकिन उनका एक ऐसा रिकॉर्ड है जो अभी तक अटूट है. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में बड़े-बड़े धुरंधर आए और गए, लेकिन कपिल पाजी के इस रिकॉर्ड को तोड़ने की हिम्मत नहीं कर सके.
कपिल देव के नाम है ये महारिकॉर्ड
पूर्व महान ऑलराउंडर कपिल देव दुनिया के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टेस्ट में 4000 से अधिक रन और 400+ विकेट चटकाए हैं. उन्होंने भारत के लिए 131 टेस्ट मैचों में प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने बल्ले से गदर मचाते हुए 31.05 की औसत से 5248 रन बनाए और साथ ही स्विंग का जादू चलाते हुए 434 विकेट झटके. उनका ये रिकॉर्ड कितना खास है, इसका अंदाजा आप इससे लगा सकते हैं कि दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के पूर्व महान ऑलराउंडर इयान बॉथम हैं, जिन्होंने टेस्ट में 5200 रन तो बनाए हैं, लेकिन उनके नाम 383 विकेट है.
रवींद्र जडेजा के पास इतिहास रचने का मौका
एक्टिव खिलाड़ियों में भारत के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ही हैं, जो कपिल देव के इस प्रचंड रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं. उन्होंने अब तक 89 टेस्ट में 4095 रन बनाए हैं और साथ ही 348 विकेट झटके हैं. अगर जडेजा 52 विकेट और हासिल कर लेते हैं तो वो पूर्व भारतीय महान ऑलराउंडर कपिल देव के बाद टेस्ट में 4000 से अधिक रन और 400 विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे.