श्योपुर में अवैध खनन और पत्थर के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग की टीम के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। इस मामले में खनिज शाखा के प्रभारी अधिकारी की शिकायत पर कोतवाली थाना श्योपुर में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने ज
.
जांच के दौरान पकड़ा अवैध परिवहन
शिकायत के अनुसार बुधवार दोपहर खनिज विभाग की टीम नियमित निरीक्षण पर थी। इसी दौरान जिला अस्पताल के पीछे मजिस्ट्रेट कॉलोनी के पास बायपास रोड पर एक महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली में पत्थर भरे हुए ले जाए जा रहे थे। जांच करने पर पाया गया कि ट्रैक्टर बिना रॉयल्टी और बिना किसी वैध दस्तावेज के पत्थर परिवहन कर रहा था।
दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक
टीम ने ट्रैक्टर को रोककर चालक से कागजात मांगे, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। जब ट्रैक्टर को थाने ले जाने की बात कही गई, तभी चालक के कुछ साथी मौके पर पहुंच गए।
गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की
आरोप है कि सभी ने खनिज विभाग की टीम के साथ गाली-गलौज की, धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पत्थरों से भरी ट्रॉली को जबरन छुड़ाकर मौके से भगा ले गए। इस घटना से सरकारी काम में बाधा उत्पन्न हुई।
घटना के दौरान टीम में शामिल राहुल वैष्णव और होमगार्ड सैनिक वासुदेव मौके पर मौजूद थे। दोनों के नाम शिकायत में प्रत्यक्षदर्शी के रूप में दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं खनिज विभाग के अधिकारियाें ने बताया कि अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।