मंडला के कान्हा नेशनल पार्क से सटे सुरपाठी के जंगल में बुधवार शाम 65 वर्षीय किसान का नर कंकाल फंदे पर लटका मिला है। मामला थाना खटिया अंतर्गत चौकी टाटरी क्षेत्र का है। कान्हा क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन कंकाल बरामद हुआ है।
.
परिजन ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान नैन सिंह मरावी के रूप में की है। परिजन के मुताबिक नैन सिंह करीब दो महीने पहले घर से जंगल जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने टाटरी चौकी में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
जानवरों ने नोच लिए पैर के हिस्से
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शव के पैर के हिस्से को जानवरों ने नोच लिया है। टाटरी चौकी प्रभारी पुनीत बाजपेयी ने बताया कि शव का डीएनए भी करवाया जाएगा। पुलिस गुरुवार को कंकाल को पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजने की तैयारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले भी कान्हा के जंगल क्षेत्र में रेत में दबा एक महिला का कंकाल बरामद हुआ था।