दतिया के जिगना गांव में नाली निकासी पर बवाल, दो पक्षों में जमकर हाथापाई
दतिया में जिगना थाना अंतर्गत गांव जिगना में गुरुवार सुबह नाली के पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
.
घटना गुरुवार सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में जिगना गांव निवासी दीपू गौतम ने बताया कि उसके घर सहित आसपास के कई घरों का पानी सरकारी नाली से होकर आगे की ओर जाता है। नाली आगे जाकर क्षतिग्रस्त (फूटी) होने के कारण पानी का भराव सुरेंद्र अहिरवार के घर के पास होने लगा।
लाठी लेकर पहुंचा युवक, बढ़ी कहासुनी
इसी बात को लेकर सुरेंद्र अहिरवार लाठी लेकर मौके पर पहुंच गया और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों में हाथापाई की स्थिति बन गई। हालांकि, मौके पर मौजूद महिलाओं और ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और मारपीट की स्थिति साफ नजर आ रही है। जिगना थाना पुलिस का कहना है कि मामले में शिकायत मिली है। वीडियो के आधार पर भी जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।