WPL 2026 का आगाज कुछ ही घंटों में हो जाएगा. पहला मैच मुंबई और आरसीबी के बीच डीवाई पाटिस स्टेडियम में खेला जाना है. लेकिन इस मुकाबले से पहले हनी सिंह और एक्ट्रेस जैकलीन फैंस का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं. दोनों ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करेंगे. इस बात की पुष्टि WPL ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए 7 जनवरी को कर दी थी. रंगारंग अंदाज में महिला प्रीमियर लीग का आगाज होने वाला है. ऐसे में सवाल है कि आखिर इस टूर्नामेंट का लाइव टेलीकास्ट और स्ट्रीमिंग फैंस कहां देख पाएंगे?
WPL ने किया था पोस्ट
WPL ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया, ‘जब बीट बजेगी, तो इतिहास बनेगा. यो यो हनी सिंह TATA WPL 2026 प्री-मैच एंटरटेनमेंट में सेंटर स्टेज पर होंगे. एक शानदार सीज़न के लिए माहौल बनाएंगे.’ बॉडी ने यह भी कन्फर्म किया कि जैकलीन प्री-मैच परफॉर्मेंस देंगी. इसमें आगे कहा गया, ‘यह स्टेज सिर्फ खेल का जश्न नहीं मनाता, यह महिलाओं का जश्न मनाता है. TATA WPL ओपनिंग डे जैकलीन फर्नांडीज की प्री-मैच परफॉर्मेंस इसमें चार चांद लगाएगा जो आत्मविश्वास, साहस और खेल में महिलाओं की अजेय बढ़त का सम्मान करता है.’
पिछले सीजन में विजेता थी मुंबई
पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस की टीम ने खिताब अपने नाम किया था. वहीं, 2024 में स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली आरसीबी भी एक ट्रॉफी जीत चुकी है. यह टूर्नामेंट दो जगहों पर खेला जाएगा, जिसमें 22 मैच नवी मुंबई और वडोदरा के कोटंबी स्टेडियम में होंगे. टूर्नामेंट में पहली बार, WPL का फाइनल वीकेंड के बजाय वीक डे पर खेला जाएगा. टाइटल मुकाबला गुरुवार, 5 फरवरी को होगा, यह कदम मेंस के T20 वर्ल्ड कप से टकराव से बचने के लिए उठाया गया है, जो 7 फरवरी को भारत और श्रीलंका में शुरू हो रहा है.
ये भी पढ़ें.. WTC 2025-27 Points Table: इंग्लैंड को झटका, ऑस्ट्रेलिया की बल्ले-बल्ले, देखें लिस्ट
कहां देख पाएंगे लाइव स्ट्रीमिंग?
WPL पहली बार जनवरी-फरवरी विंडो में खेला जाएगा. फॉर्मेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है, जिसमें पाँच टीमें – मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, UP वॉरियर्ज, गुजरात जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स – डबल राउंड-रॉबिन लीग में एक-दूसरे से दो बार खेलेंगी. टूर्नामेंट का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा जबकि लाइव स्ट्रीमिंग फैंस जियोस्टार एप और वेबसाइट पर देख पाएंगे.