PSL Two New Team Owner: इंडियन प्रीमियर लीग दुनिया की सबसे बड़ी टी20 क्रिकेट लीग है. इस लीग की तर्ज पर तमाम देशों ने अपनी टी20 लीग लॉन्च की है. पाकिस्तान ने BCCI की नकल करते हुए 2016 में पाकिस्तान सुपर लीग यानी PSL लॉन्च की थी. अब एक बार फिर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईपीएल की नकल करते हुए इस लीग के विस्तार की कोशिश की है. इस क्रम में 2 नई टीमों को जोड़ा गया है. 2016 से 2025 तक इस लीग में कुल 6 टीमें थीं, लेकिन अब दो नई टीमों को शामिल करने के बाद टीमों की संख्या 8 हो चुकी है. नई टीमों के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नीलामी कराई, जिसमें नई टीमों पर रिकॉर्ड बोली लगी.
नई टीमों में पहला नाम हैदराबाद का है, जबकि दूसरी टीम सियालकोट है. हैदराबाद फ्रेंचाइजी 1.75 बिलियन पाकिस्तानी रुपये में बिकी, जबकि सियालकोट पर 1.85 बिलियन पाकिस्तानी रुपये की बोली लगी. दोनों की कीमत जोड़ ली जाए तो करीब 3.6 अरब (3.6 billion) पाकिस्तानी रुपये होते हैं. इसे जब भारतीय रुपये के हिसाब से देखा जाए तो करीब 115 करोड़ रुपये होते हैं. नीलामी के दौरान इतनी बड़ी बोली लगने के चलते ये दोनों ही टीमें PSL इतिहास की अब तक की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बन गई हैं.
कहां हुई नीलामी?
ये नीलामी 8 जनवरी को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस्लामाबाद स्थित जिन्ना कन्वेंशन सेंटर में कराई. ऑक्शन की शुरुआत 110 करोड़ पाकिस्तानी रुपये के बेस प्राइस से हुई. ये वही रकम है, जो हर फ्रेंचाइजी सालाना PCB को देती है. नीलामी में 9 ग्रुप ने बोली लगाई थी. आखिर में दोनों टीमों पर करीब 360 करोड़ पाकिस्तानी रुपये खर्च किए गए हैं. अब सवाल ये है कि आखिर इन टीमों को खरीदा किसने? मालिक कौन हैं? आइए जानते हैं.
हैदराबाद फ्रेंचाइजी को किसने खरीदा?
पाकिस्तान सुपर लीग में शामिल की गई हैदराबाद टीम को अमेरिका स्थित एविएशन और हेल्थकेयर ग्रुप FKS ने खरीदा है. इस ग्रुप ने 1.75 बिलियन पाकिस्तानी रुपये (करीब 6.2 मिलियन डॉलर) की रकम चुकाई है. ये ग्रुप एक बड़ी दक्षिण-पूर्वी एशियाई कंपनी है, जिसका हेड ऑफिस जकार्ता (इंडोनेशिया) में है. ये कंपनी खाने-पीने के सामान, इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रॉपर्टी के कारोबार में काम करती है. खास बात ये है कि FKS ग्रुप सिंगापुर, वियतनाम, थाईलैंड, म्यांमार के साथ-साथ ब्राजील, चीन और यूएई जैसे देशों में भी मौजूद है. इस ग्रुप ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की नई टीम हैदराबाद को खरीदकर अब खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का फैसला किया है.
सियालकोट को किसने खरीदा?
सियालकोट टीम को OZ डेवलपर्स ग्रुप ने 1.85 बिलियन पाकिस्तानी रुपये में खरीदा है. ये कंपनी अमेरिका से संचालित है, जो एविएशन और हेल्थ सेक्टर से जुड़ी है. यह लाहौर में एक प्रमुख रियल एस्टेट और निर्माण कंपनी के तौर पर स्थापित है. साल 2021 में शुरू हुई इस कंपनी के चेयरमैन हमजा मजीद हैं.