इंदौर से स्टार एयर शुरू करेगी सीधी उड़ान: 15 जनवरी से मुंबई के लिए फ्लाइट शुरू करेगी, सप्ताह में पांच दिन होगा संचालन – Indore News

इंदौर से स्टार एयर शुरू करेगी सीधी उड़ान:  15 जनवरी से मुंबई के लिए फ्लाइट शुरू करेगी, सप्ताह में पांच दिन होगा संचालन – Indore News



इंदौर से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। इंडिगो और एयर इंडिया के बाद अब स्टार एयर ने भी इंदौर से मुंबई के लिए सीधी उड़ान शुरू करने का निर्णय लिया है। यह उड़ान 15 जनवरी से सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी। कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर इस

.

ट्रेवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि स्टार एयर की यह फ्लाइट इंदौर से सीधे मुंबई जाएगी। अब तक कंपनी इंदौर से गोंदिया, अहमदाबाद और बेंगलुरु के लिए उड़ानों का संचालन कर रही थी, लेकिन अब उसने अचानक मुंबई रूट पर उड़ान शुरू करने का फैसला लिया है।

उड़ान का शेड्यूल

स्टार एयर की यह फ्लाइट शुक्रवार और रविवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन चलेगी।

  • इंदौर से उड़ान रात 10 बजे रवाना होकर रात 11:15 बजे मुंबई पहुंचेगी।
  • मुंबई से उड़ान शाम 4:30 बजे रवाना होकर शाम 5:50 बजे इंदौर पहुंचेगी।

जानकारी के अनुसार, कंपनी ने विंटर शेड्यूल में शुरू की गई अपनी इंदौर-बेंगलुरु उड़ान को बंद कर दिया है। यह उड़ान लगातार निरस्त हो रही थी, जिससे पहले ही इसके बंद होने के संकेत मिल रहे थे।

मुंबई रूट सबसे फायदे का

ट्रेवल एजेंटों के अनुसार इंदौर जो मध्यप्रदेश का प्रमुख व्यापारिक और औद्योगिक केंद्र है, वहां से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए एक और सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। यह रूट हमेशा डिमांड में रहता है और उड़ानें अक्सर फुल रहती हैं।

मुंबई देश के बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल है, जहां से देश-विदेश के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलती है। इसी कारण एयरलाइंस इस रूट पर उड़ानों का संचालन करना पसंद करती हैं। इंदौर से मुंबई जाने वालों की संख्या काफी अधिक है।

रेल मार्ग की बात करें तो इंदौर से मुंबई के लिए अवंतिका और दुरंतो एक्सप्रेस के अलावा तेजस एक्सप्रेस भी चलाई जा रही है, जिसकी अवधि जनवरी के अंत तक बढ़ाई गई है, लेकिन उसमें भी वेटिंग चल रही है। वहीं बस सेवाएं भी सालभर लगभग फुल रहती हैं। ऐसे में स्टार एयर की नई उड़ान यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगी।



Source link