सीधी जिले के निगरी साप्ताहिक बाजार में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक चालक मजदूर विनोद केवट गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सीधी रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाज
.
जानकारी के अनुसार, निगरी निवासी विनोद केवट शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपनी बाइक से बाजार में सरसों का तेल खरीदने जा रहे थे। तभी तेज गति से आ रहे एक ऑटो ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विनोद सड़क पर गिर गए और उनके सिर व मुंह पर गंभीर चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शी शिवांशु द्विवेदी ने बताया कि दुर्घटना के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। घायल विनोद को 108 एंबुलेंस से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सीधी भेजा गया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम विनोद का इलाज कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार, सिर में गंभीर चोट के कारण उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। परिजनों का बुरा हाल है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल चौकी प्रभारी देवराज सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही आरोपी ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।