Virat Kohli massive record: टी20 विश्व कप 2026 का मंच तैयार है. टीम इंडिया इस बार सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खिताब डिफेंड करने उतरेगी. आखिरी दफा 2024 में भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था. विराट कोहली ने फाइनल में 76 रनों की यादगार पारी खेली थी. भारत को खिताब दिलाने के बाद इन दोनों दिग्गजों ने टी20 से संन्यास ले लिया था. भले ही विराट कोहली अब टी20 विश्व कप में कभी न खेलेंगे, लेकिन उनका एक प्रचंड रिकॉर्ड पिछले 10 सालों से अमर है. उन्होंने 2016 में इसे बनाया था और 10 साल बाद यानी 2026 में भी इसका टूटना नामुमकिन है.
विराट कोहली के जिस प्रचंड रिकॉर्ड की बात हो रही है, वो टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट जीतने का रिकॉर्ड है, जो फिलहाल विराट कोहली के नाम है. टीम इंडिया के इस दिग्गज ने 2 बार ये कमाल किया हुआ है. विराट इकलौते ऐसे प्लेयर हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में दो बार (2014, 2016) प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड जीता है. इस रिकॉर्ड को तोड़ना तभी संभव है, जब कोई खिलाड़ी लगातार तीसरी बार टी20 विश्व कप में जलवा दिखाए.
विराट कोहली ने कब-कब जीता था प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट?
विराट कोहली ने 2014 के टी20 विश्व कप में कमाल का प्रदर्शन किया था. उन्होंने 319 रन किए थे. फाइनल में टीम इंडिया को श्रीलंका ने 6 विकेट से हरा दिया था, लेकिन उस टूर्नामेंट के हीरो विराट ही थे. फिर उन्होंने 2016 के टी20 विश्व कप में भी कमाल किया. उन्होंने कुल 273 रन किए थे और एक विकेट भी निकाला था, लेकिन टीम इंडिया खिताब नहीं जीत पाई थी.
विराट कोहली का ये रिकॉर्ड क्यों नहीं टूटेगा?
विराट कोहली का ये रिकॉर्ड इसलिए नहीं टूटेगा क्योंकि उनके अलावा कोई भी खिलाड़ी ऐसा नहीं है, जो 2 बार टी20 विश्व कप के इतिहास में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बना हो. हां, इस रिकॉर्ड की बराबरी जरूर हो सकती है. ये बराबरी इंग्लैंड के सैम करन और टीम इंडिया के पेसर जसप्रीत बुमराह कर सकते हैं. करन 2022 में इंग्लैंड के लिए बढ़िया प्रदर्शन करके एक बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बन चुके हैं, जबकि बुमराह ने 2024 में यह अवॉर्ड अपने नाम किया था. अब इनमें से अगर कोई भी खिलाड़ी दोबारा ऐसा करने में सफल रहा, तो विराट कोहली के इस खास रिकॉर्ड की बराबरी कर लेगा, लेकिन उसे तोड़ नहीं पाएगा.
टी20 विश्व कप के इतिहास में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने क्रिकेटर
2007- शाहिद अफरीदी (पाकिस्तान)
2009- तिलकरत्ने दिलशान (श्रीलंका)
2010- केविन पीटरसन (इंग्लैंड)
2012- शेन वॉटसन (ऑस्ट्रेलिया)
2014- विराट कोहली (भारत)
2016- विराट कोहली (भारत)
2021- डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया)
2022- सैम करन (इंग्लैंड)
2024- जसप्रीत बुमराह (भारत)
ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: 35 साल का विस्फोटक बना ओपनर, स्टार खिलाड़ियों की भरमार, आयरलैंड टीम का भी हुआ ऐलान