आगर मालवा शहर के तुलजा सरोवर में मछली पकड़ने के दौरान डोंगी पलटने से डूबे एक युवक का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। यह घटना रविवार शाम को हुई थी, जब दो युवक मछली पकड़ने के लिए तालाब में उतरे थे।
.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम को दो युवक मछली पकड़ने के लिए डोंगी से तालाब में गए थे। इसी दौरान डोंगी अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे दोनों युवक गहरे पानी में डूबने लगे। इनमें से सुजल नामक युवक तैरकर तालाब के किनारे तक पहुंचने में सफल रहा, जबकि उसका साथी नरेंद्र उर्फ बाबूराम (पिता प्रभुराम, निवासी अहीर मोहल्ला) लापता था।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। तैरकर बाहर आए सुजल की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
पीएम कराने के लिए पहुंचे परिजन।
देर रात तक चला रेस्क्यू
बाबूराम की तलाश के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब चार घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद अंधेरा होने के कारण तलाश रोकनी पड़ी, लेकिन रात तक बाबूराम का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
सोमवार सुबह एक बार फिर SDRF की टीम और स्थानीय युवाओं द्वारा तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आखिरकार बाबूराम का शव बरामद कर लिया गया। शव को पुलिस वाहन से जिला अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल, कोतवाली पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।