धार के भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर का दावा, हनी ट्रैप में फंसाने की कोशिश
धार जिले की धरमपुरी विधानसभा से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर ने एक महिला और उसके सहयोगी पर हनी ट्रैप में फंसाने और 2 करोड़ रुपए की ब्लैकमेलिंग का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। विधायक ने इस पूरे मामले को लेकर पत्रकार वार्ता कर अपनी बात सार्वजनिक
.
महिला पर हनी ट्रैप का आरोप
विधायक कालू सिंह ठाकुर का आरोप है कि उनके विधानसभा क्षेत्र के गांव से एक महिला दीपिका युवक आसिफ अली के साथ मिलकर उन्हें हनी ट्रैप में फंसाने की कोशिश कर रही है। विधायक के अनुसार, उनसे गाड़ी-घोड़े सहित करीब 2 करोड़ रुपए की मांग की गई।
कार्यालय पहुंचने से शुरू हुआ मामला
विधायक ने बताया कि वे महिला को पहले से नहीं जानते थे। 23 दिसंबर को महिला धामनोद स्थित उनके स्थानीय कार्यालय पर मदद मांगने पहुंची थी, लेकिन उस समय विधायक भोपाल में थे। भोपाल से उनकी अनुपस्थिति के चलते महिला एक दिन कार्यालय पर ही रुकी रही।
भोपाल पहुंचकर मांगी आर्थिक मदद
विधायक के अनुसार, महिला ने उन्हें फोन कर बताया कि उसने भोपाल में किराए पर मकान लिया है और वहां से सामान उठाना है। अगले दिन महिला विधायक के भोपाल स्थित आवास पर पहुंची और 15 हजार रुपए की आर्थिक सहायता मांगी। विधायक ने इतनी राशि देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद महिला वहां से चली गई।
धमकी और 2 करोड़ रुपए की मांग का दावा
विधायक का आरोप है कि महिला के जाने के करीब डेढ़ घंटे बाद उसने अपने साथी आसिफ अली के साथ मिलकर फोन पर गाली-गलौज की और कानूनी कार्रवाई में फंसाने की धमकी दी। इसी दौरान उनसे करीब 2 करोड़ रुपए की मांग की गई।
आईजी और एसपी को दी सूचना, कलेक्टर को शिकायत
घटनाक्रम के बाद विधायक कालू सिंह ठाकुर ने इंदौर रेंज के आईजी और धार एसपी मयंक अवस्थी को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने धार पहुंचकर कलेक्टर को लिखित शिकायत पत्र सौंपा।
लव जिहाद के तहत विवाह का आरोप
शिकायत पत्र में विधायक ने आरोप लगाया कि संबंधित मुस्लिम युवक ने लव जिहाद के तहत हिंदू महिला से विवाह किया है और अब उसी के साथ रहकर उन्हें और क्षेत्र के अन्य लोगों को फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी अवगत कराया है और न्याय की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की अपील की।
एसपी पर भी लगाए आरोप
पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक ने पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी पर भी आरोप लगाए। विधायक का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर एसपी से मिलने पहुंचे, तो उनकी बात को गंभीरता से नहीं सुना गया और उल्टा यह कहा गया कि उनके खिलाफ ही मामला दर्ज किया जा सकता है। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की जांच और सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।