रिपोर्ट- अशोक अग्रवाल. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में दिनदहाड़े एक महिला और उसके दो बच्चों को फिल्मी स्टाइल में किडनैप कर लिया गया. नरवर थाना क्षेत्र में अखाड़े के मंदिर के सामने से अपहरण करने वाले कोई और नहीं बल्कि महिला का पति जगत सिंह, देवर पदम सिंह और एक अन्य है. नरवर थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि महिला पार्वती सिंह का अपने पति जगत सिंह से न्यायालय में तलाक का मामला चल रहा है. इसी वजह से महिला अपने दो बच्चों के साथ नरवर में अलग रहती है. मंगलवार दोपहर बाद जब महिला अपने बच्चों को स्कूल से लेकर लौट रही थी, तभी अचानक अखाड़े के मंदिर के पास फिल्मी स्टाइल में एक ईको कार उनके सामने रुकी और उसमें सवार लोगों ने जबरदस्ती महिला और बच्चों को गाड़ी में डाला और गाड़ी फर्राटा भरते हुए रफू-चक्कर हो गई. पूरा घटनाक्रम पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया और कुछ ही देर में यह वीडियो वायरल हो गया. नरवर थाना पुलिस को जब जानकारी मिली, तो पड़ताल शुरू हुई. पुलिस को पता चला कि इस घटना को अंजाम उसके पति ने ही अपने भाई और एक अन्य के साथ मिलकर दिया है. पुलिस ने जगत सिंह के घर दबिश दी लेकिन वह वहां नहीं मिला. पुलिस ने पति, देवर और एक अन्य पर अपहरण का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. फिलहाल न तो महिला और बच्चों का कुछ पता चला और न अपहरण करने वाले पति का.