सीएम डॉ. मोहन यादव आज इंदौर में रहेंगे। वे राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर ऑडिटोरियम में अमृत 2.0 इंदौर जलप्रदाय योजना पैकेज-1 के तहत रु. 800.19 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली जल परियोजना का भूमिपूजन करेंगे।
.
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत जलूद और भकलाय गांव क्षेत्र में 1650 एम.एल.डी. क्षमता का नया इन्टेकवेल बनाया जाएगा। परियोजना में 2235 एम.एम. व्यास की रॉ-वाटर और क्लियर वॉटर पंपिंग मेन का निर्माण शामिल है, जिससे जल परिवहन क्षमता में वृद्धि होगी।
निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 11 के.व्ही., 33 के.व्ही. और 132 के.व्ही. के सब-स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। जल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए 400 एम.एल.डी. क्षमता का आधुनिक जलशोधन संयंत्र स्थापित किया जाएगा। वितरण प्रणाली और जल दबाव संतुलन के लिए 12 एम.एल.डी. क्षमता का ब्रेक प्रेशर टैंक भी बनाया जाएगा।
10 सालों तक संचालन और संधारण शामिल
निगम आयुक्त छितीज सिंघल ने बताया कि यह परियोजना केवल निर्माण तक सीमित नहीं है। इसमें 10 सालों तक संचालन और संधारण कार्य भी शामिल है, जिससे दीर्घकाल तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण जल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
इस परियोजना के पूरा होने से शहर की वर्तमान और भविष्य की पेयजल आवश्यकताओं की पूर्ति होगी और नागरिकों को स्वच्छ और पर्याप्त जल उपलब्ध होगा।