भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी और वर्तमान हेड कोच गौतम गंभीर शुक्रवार को आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में होने वाले तीसरे एकदिवसीय मुकाबले से पहले मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। क्रिकेटर ने देश की सुख-शांति, समृद्धि और भारतीय क्रिकेट टीम की विजय और सफलता की कामना के लिए विशेष हवन और अनुष्ठान में भाग लिया। इस दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया। गर्भगृह में गौतम गंभीर को माता की चुनरी ओढ़ाई पूजन अनुष्ठान के बाद गौतम गंभीर ने मां बगलामुखी के दरबार में कुछ समय बिताया। गर्भगृह में मुख्य पुजारी दिनेश गुरु ने उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाई। मंदिर समिति के पदाधिकारी, ट्रस्ट सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन के साक्षी बने। यह उल्लेखनीय है कि भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा एकदिवसीय मुकाबला खेलने के लिए मौजूद है। ऐसे में टीम इंडिया के हेड कोच का शक्तिपीठ नलखेड़ा पहुंचना खेल और आस्था के एक सुंदर संगम के रूप में देखा जा रहा है। मान्यता है- मां बगलामुखी की आराधना से विजय, आत्मबल मिलती मान्यता है कि मां बगलामुखी की आराधना से विजय, आत्मबल और बाधाओं से मुक्ति का आशीर्वाद मिलता है। नलखेड़ा स्थित यह शक्तिपीठ न केवल मध्यप्रदेश बल्कि देश-विदेश में अपनी विशिष्ट धार्मिक मान्यताओं के लिए प्रसिद्ध है। यहां समय-समय पर देश के प्रमुख राजनेता, उद्योगपति, फिल्मी सितारे और खेल जगत से जुड़ी हस्तियां दर्शन के लिए आती रही हैं। गौतम गंभीर का यह दौरा एक बार फिर मां बगलामुखी धाम की विश्वव्यापी ख्याति और आस्था की शक्ति को रेखांकित करता है।
Source link