T20 World Cup 2026: BCCI ने हाल ही में IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया था. इस घटना के बाद बांग्लादेश ने ICC से अपने T20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच भारत से बाहर कराने के लिए कहा था. अब एक नए डेवपलमेंट के तहत इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) का एक डेलीगेशन जल्द ही बांग्लादेश का दौरा कर सकता है, ताकि 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में होने वाले ICC T20 वर्ल्ड कप में उसकी भागीदारी पर आमने-सामने बातचीत की जा सके.
बांग्लादेश का दौरा करेगी ICC
यह डेवलपमेंट ऐसे समय में हुआ है जब बांग्लादेश के खेल मंत्रालय और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने यह पक्का रुख अपनाया हुआ है कि उनकी नेशनल टीम भारत नहीं जाएगी और सिर्फ श्रीलंका में ही अपने मैच खेलेगी. प्रस्तावित ICC दौरे की पुष्टि खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने गुरुवार को फॉरेन सर्विस एकेडमी में मीडिया को ब्रीफिंग देते हुए की. आसिफ नजरुल ने साफ किया कि बांग्लादेश T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने को उत्सुक है, लेकिन वे वेन्यू के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेंगे.
भारत में नहीं खेलने की जिद पर अड़ा BCB
आसिफ नजरुल ने कहा, ‘लेटेस्ट अपडेट के अनुसार मिस्टर अमीनुल इस्लाम [BCB प्रेसिडेंट अमीनुल इस्लाम बुलबुल] ने मुझे बताया कि बातचीत के लिए ICC की एक टीम बांग्लादेश आ सकती है. हमारे रुख में बदलाव का कोई चांस नहीं है. हम वर्ल्ड कप में खेलने के लिए उत्सुक हैं, खासकर श्रीलंका में, और मुझे पूरा विश्वास है कि इसे ऑर्गनाइज करना नामुमकिन नहीं है.’
BCB का आया बयान
डेली स्टार की एक रिपोर्ट के अनुसार, BCB के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बातचीत की संभावना की पुष्टि की, लेकिन कहा कि शेड्यूल अभी फाइनल नहीं हुआ है. अधिकारी ने कहा, ‘हम बातचीत कर रहे हैं, और एक डेलीगेशन आने वाला है, लेकिन सही तारीख तय नहीं हुई है. हम संपर्क में हैं, लेकिन समय तय नहीं है.’
क्या है पूरा मामला?
यह मामला पिछले हफ्ते से चल रहा है, जब BCB ने ICC के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस की थी. मीटिंग के दौरान, बोर्ड ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए बांग्लादेशी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया और औपचारिक रूप से अनुरोध किया कि बांग्लादेश के मैच को-होस्ट श्रीलंका में शिफ्ट कर दिए जाएं. ICC ने यह कहते हुए कि टूर्नामेंट का शेड्यूल पहले ही घोषित हो चुका है, BCB से अपने रुख पर फिर से विचार करने को कहा.