कटनी रीठी थाना क्षेत्र के झिरिया हार रेलवे लाइन के पास पिछले महीने दिसंबर में हुई एक युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक पवन सिंह ठाकुर की मां ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके बेटे ने खुदकुशी नहीं की, बल्कि प्रेम प्रसंग के चलते उसकी हत्या कर शव को लटकाया गया है। उमरिया जिले के पाली निवासी पवन सिंह ठाकुर का शव 17 दिसंबर को रीठी थाना क्षेत्र की सलैया चौकी अंतर्गत झिरिया हार रेलवे लाइन के पास एक पेड़ से लटका मिला था। पुलिस को घटनास्थल से एक जला हुआ बैग और जला हुआ लैपटॉप भी बरामद हुआ था। शुरुआती जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मानते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। मां बोलीं- आत्महत्या नहीं, प्रेम प्रसंग में मारकर लटकाया गुरुवार को आज मृतक की मां मालती सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत पत्र सौंपा। उन्होंने पुलिस की ‘आत्महत्या’ वाली थ्योरी को खारिज करते हुए कहा कि बेटे का बहोरीबंद क्षेत्र की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बेटे का शव उसी युवती के गांव के पास मिलना इस ओर इशारा करता है कि घटना के पीछे गहरी साजिश है। मां ने बताया कि घटनास्थल पर लैपटॉप और बैग का जला हुआ पाया जाना यह दर्शाता है कि हत्यारों ने डिजिटल साक्ष्य और पहचान मिटाने के लिए उनमें आग लगाई थी। परिजनों का कहना है कि पवन आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता था, उसे रास्ते से हटाने के लिए सुनियोजित तरीके से मारा गया है। मृतक की मां ने कहा- मेरा बेटा सुसाइड नहीं कर सकता मृतक की मां ने कहा, “मेरा बेटा सुसाइड नहीं कर सकता। जिस लड़की से उसका प्रेम प्रसंग था, उसी के गांव के पास उसकी लाश मिली है। सबूत मिटाने के लिए उसका सामान जलाया गया। हमें न्याय चाहिए और मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।” अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डहेरिया ने बताया कि मामला पहले से ही जांच के दायरे में है। परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों के बाद अब जांच का दायरा बढ़ाया जाएगा। एएसपी बोले- जांच के बाद होगा खुलासा महिला ने एक शिकायती पत्र दिया है जिसमें उन्होंने आत्महत्या को हत्या बताया है। पुलिस इस मामले की अब और भी गंभीरता और सूक्ष्मता से जांच करेगी। प्रेम प्रसंग समेत सभी तकनीकी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link