RCB-W vs GG-W: महिला प्रीमियर लीग (WPL 2026) में आरसीबी की टीम लगातार राज करती दिख रही है. तीसरे मैच में 32 रन से गुजरात को शिकस्त देकर टीम ने जीत की हैट्रिक जमाई. खराब शुरुआत के बाद आरसीबी ने पलक झपकते मुकाबले की काया पलट दी. आरसीबी की तिकड़ी के सामने गुजरात के लायंस भीगी बिल्ली साबित हुए. आरसीबी ने 50 रन के अंदर अपने 4 टॉप बल्लेबाज गंवा दिए थे, लेकिन ऋचा घोष और राधा यादव की तूफानी पारियों ने गुजरात से मैच छीन लिया.
गुजरात ने जीता टॉस
गुजरात की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. शानदार शुरुआत की क्योंकि आरसीबी के 4 टॉप बल्लेबाज महज 43 रन पर आउट हो गए थे. लेकिन इसके बाद ऋचा घोष और राधा यादव के बीच शानदार पार्टनरशिप देखने को मिली. राधा यादव ने 47 गेंद में 66 रन की आतिशी पारी खेली और 3 छक्के और 6 चौके जमाए. वहीं, ऋचा घोष ने 2 छक्के और 4 चौके जमाकर 44 रन की पारी खेली.
गुजरात की बॉलिंग लड़खड़ाई
गुजरात की बॉलिंग आखिर में लड़खड़ा गई. काशवी गौतम ने 2 विकेट हासिल किए जबकि सोफी डिवाइन ने 3 बल्लेबाजों को आउट किया. एक-एक विकेट जॉर्जिया वेयरम और रेणुका के खाते आया. ऋचा और राधा की पारी के दम पर आरसीबी ने बोर्ड पर 182 रन टांग दिए.
ये भी पढ़ें.. स्मिथ से सरेआम बेइज्जत और फिर दे मारा बल्ला.. बाबर की तिलमिलाहट वायरल, देखें वीडियो
श्रेयंका पाटिल ने पलटा मैच
गुजरात ने बैटिंग में भी शानदार शुरुआत की थी. पहले ओवर में 24 रन आए लेकिन इसके बाद टीम ताश के पत्तों की तरह बिखरती नजर आई. भारती फुलमली ने 39 रन ठोक मैच में जान डाली थी, लेकिन एक छोर से विकेट गिरते रहे. पूरी टीम 150 के स्कोर पर सिमट गई. गुजरात को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है. जबकि आरसीबी लगातार तीन जीत के साथ टॉप पर है.