बैतूल शहर की लंबे समय से लंबित मांग अब पूरी होने जा रही है। बैतूल-खेड़ी मार्ग पर करबला घाट स्थित माचना नदी पर एक नए पुल का निर्माण किया जाएगा। इसका भूमिपूजन कल (रविवार) होगा। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। एसडीओ ब्रिज के अनुसार, इस पुल की प्रशासकीय लागत 18.43 करोड़ रुपए और तकनीकी लागत 10.80 करोड़ रुपए निर्धारित की गई है। यह पुल 100 मीटर लंबा और 18.50 मीटर चौड़ा होगा, जिसमें चार लेन होंगी। इसके निर्माण को 18 माह की अवधि में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। 80 साल पुरानी है वर्तमान करबला घाट पुलिया
यह नया पुल लगभग 80 साल पुरानी करबला घाट पुलिया का स्थान लेगा, जो अब जर्जर और खतरनाक स्थिति में थी। मई 2024 में इसी पुलिया से एक जीप नीचे गिर गई थी, जिसके बाद सुरक्षा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हुआ और मामला कोर्ट तक पहुंचा। इस घटना के बाद विधायक हेमंत खंडेलवाल ने सरकार से नए पुल के निर्माण की मांग की थी। राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में इस पुल के लिए 6.70 करोड़ रुपए का प्रावधान किया था। बाद में, इसके विस्तारित निर्माण और चौड़ाई बढ़ाने के लिए कुल 18.43 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई। नया पुल 12 मीटर के बजाय 18 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा, जिससे यातायात सुगम और सुरक्षित हो सकेगा। इस पुल के निर्माण से बैतूल शहर को हरदा-इंदौर नेशनल हाईवे और भोपाल-नागपुर हाईवे से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अतिरिक्त, बरसात के मौसम में माचना नदी में उफान आने के कारण आवागमन बाधित होने की समस्या भी समाप्त हो जाएगी।
Source link