रीवाः विकास की दौड़ में रीवा ने एक और उपलब्धि हासिल कर ली है. रीवा को हाल ही में नवीन न्यायालय भवन की सौगात मिली है. 95.93 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ यह न्यायालय भवन मध्य प्रदेश का सबसे खूबसूरत न्यायालय भवन है. सर्वोच्च न्यायालय और मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की उपस्थिति में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मई 2025 में नवीन न्यायालय भवन का लोकार्पण किया था.
नवीन जिला सत्र न्यायालय परिसर यूनिवर्सिटी रोड स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के ठीक सामने है. न्यायालय परिसर में 3 भवन बनाए गए है. जिनमें मुख्य भवन, सर्विस भवन और बार भवन शामिल है. नवीन जिला न्यायालय के तीनों भवनों का कुल क्षेत्रफल 35123.66 वर्ग मीटर है. जिसमें मुख्य भवन का क्षेत्रफल 18224.58 वर्ग मीटर, सर्विस भवन का क्षेत्रफल 8439.54 वर्ग मीटर और बार भवन का क्षेत्रफल 8439.54 वर्ग मीटर है.
नवीन न्यायालय भवन के निर्माण के लिए मध्य प्रदेश विधि एवं विधायी कार्य विभाग द्वारा 95.93 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई थी. न्यायालय भवन का लेआउट अक्टूबर 2017 में स्वीकृत किया गया था. इसका आर्किटेक्चर मेसर्स डिजाइन एसोसियेट नई दिल्ली द्वारा तैयार किया गया था. नव निर्मित न्यायालय के मुख्य भवन में 40 कोर्ट रूम, शासकीय कार्यालय, कॉन्फ्रेंस हॉल, डिजास्टर कंट्रोल रूम, पब्लिक प्रोसिक्यूशन ऑफिस, डिस्ट्रिक्ट प्रोसिक्यूशन ऑफिस, फाइलिंग काउंटर, रिकॉर्ड रूम, जज लॉन्ज, कंप्यूटर रूम, लाइब्रेरी, पेंट्री और कॉमन टॉयलेट की सुविधा है.
नवनिर्मित न्यायालय की सर्विस बिल्डिंग में होल्डिंग सेल, पुलिस चौकी, पब्लिक प्रोसिक्यूटर, कॉमन रूम, रिकॉर्ड रूम, मेन ऑफिस, नाजिर ऑफिस, नजारत, एकाउंट ऑफिस, मालखाना कक्ष, स्टैटिक ऑफिस कक्ष, स्टेशनरी कक्ष, गवर्नमेंट रीडर और लगभग 750 अधिवक्ताओं के लिए तीन हॉल की सुविधा दी गई है. नवीन न्यायालय की बार बिल्डिंग में बैंक, पोस्ट ऑफिस, डिस्पेंसरी बार, लाइब्रेरी, पिटीशन राइटर, कैंटीन, स्टोर रूम और अधिवक्ताओं के लिए 296 कक्ष बनाए गए है. इसके अलावा यहां पार्किंग की विशेष सुविधा भी उपलब्ध है. इस न्यायालय परिसर को आधुनिक और विशाल रूप दिया गया है.
गौरतलब है कि इससे पहले रीवा का जिला एवं सत्र न्यायालय शहर के कोठी कंपाउंड स्थित विशाल भवन में संचालित होता था. यह भवन राजा महाराजाओं के जमाने का था और कई दशक पुराना भी था. भवन पुराना होने के अलावा कोर्ट में बढ़ती भीड़ और कोर्ट आने-जाने वाले लोगों की वजह से शहर के बढ़ते दबाव को देखते हुए शहर के अन्य स्थान पर नवीन कोर्ट भवन बनाए जाने का निर्णय लिया गया था. इसके बाद सभी औपचारिकताएं पूर्ण की गई और नया न्यायालय भवन बनाया गया, जहां अब लोग अपने लिए न्याय मांगने जा रहे है.