Last Updated:
Daryl Mitchell reacts: भारत को उसके घर में वनडे सीरीज में हराने में डेरिल मिचेल का अहम रोल रहा.मिचेल ने लगातार दो शतक ठोककर अपनी टीम को बचे दो मैच जीतकर सीरीज में जीत दिलाई. मिचेल को तीसरे वनडे में शतकीय पारी खेलने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और टूर्नार्मेट में सर्वाधिक रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ सीरीज चुना गया.मिचेल ने कहा कि भारत में सीरीज जीतना खास है.
नई दिल्ली. डेरिल मिचेल की लगातार दूसरी शतकीय पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीत ली. मिचेल को प्लेयर ऑफ द मैच मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. दाएं हाथ के बल्लेबाज मिचेल ने कहा कि भारत में सीरीज जीतन बेहद खास है. मिचेल साल 2024 में उस टीम का भी हिस्सा थे जब उनकी टीम ने भारत में आकर मेजबानों को टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था. भारत को तीसरे और आखिरी वनडे में न्यूजीलैंड ने 41 रन से हरा दिया. माइकल ब्रेसवेल की कप्तानी में कीवी टीम ने इतिहास रच दिया.ऐसा पहली बार हुआ है जब कीवी टीम ने भारत में बाइलेटरल वनडे सीरीज जीती हो.
प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद डेरिल मिचेल (Daryl Mitchell) ने कहा, ‘वर्तमान में रहना अच्छा रहा. टीम में योगदान देना अच्छा लगता है. भारत में जीतना खास है. एक ग्रुप के तौर पर हमने अच्छी साझेदारी की. मैं कोशिश करता हूं कि वर्तमान में रहूं और सही फैसले लूं.’ विराट कोहली (124 रन) का 54वां वनडे शतक भी भारतीय टीम के काम नहीं आ सका जिससे न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल (137 रन) और ग्लेन फिलिप्स (106 रन) के शतक के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से तीसरे और अंतिम क्रिकेट मैच में 41 रन की जीत से सीरीज 2-1 से अपने नाम की.
डेरिल मिचेल ने वनडे सीरीज में 352 रन बनाए.
न्यूजीलैंड ने 37 साल बाद भारत में वनडे सीरीज जीती
न्यूजीलैंड के लिए यह मैच काफी महत्वपूर्ण था क्योंकि उसने 1989 से द्विपक्षीय वनडे मुकाबलों के लिए भारत का दौरा शुरू किया था लेकिन यहां कभी भी सीरीज नहीं जीती थी. इस जीत से उसने 37 साल बाद भारत में सीरीज जीतने का इंतजार खत्म किया. वनडे सीरीज में 84, नाबाद 131 और 137 रन की पारियां खेलने के बाद मिचेल ने आगे कहा,’मुझे अपने देश के लिए खेलना बहुत पसंद है. घरेलू क्रिकेट ने मुझे काफी मदद की.’
डेरिल मिचेल ने 18 बाउंड्रीज लगाए
डेरिल मिचेल (131 गेंद, 15 चौके, तीन छक्के) ने संयम और नियंत्रण के साथ पारी को संभाला जबकि फिलिप्स (88 गेंद, नौ चौके, तीन छक्के) ने आक्रामक अंदाज में रन गति बढ़ाई जिससे सतर्क शुरुआत के बाद न्यूजीलैंड की पारी का रूख ही बदल गया. मिचेल ने बाएं हाथ के कलाई स्पिनर कुलदीप यादव पर शानदार छक्का जड़कर न्यूजीलैंड की वापसी की नींव रखी. कुलदीप ने फिर अपनी लेंथ में बदलाव कर रन गति पर लगाम लगाई. मिचेल ने इस गेंदबाज पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया. 34वें ओवर के बाद गेंद नरम होने से शॉट खेलना मुश्किल हो गया लेकिन होलकर स्टेडियम की छोटी बाउंड्री पर बल्लेबाजों ने जोखिम लेना जारी रखा.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें