IND vs NZ: भारत में पहली बार वनडे सीरीज जीतकर न्यूजीलैंड की टीम ने दुनियाभर में अपना डंका पीट दिया है. लेकिन कीवी टीम से ज्यादा चर्चे विराट कोहली के जिन्होंने मेहमानों की आखिर तक सांसें अटका दी थीं. भले न्यूजीलैंड की टीम जीत के जश्न में डूबी होगी, लेकिन विराट का एक वर्ल्ड रिकॉर्ड देखकर हर वनडे मैच में कोहली की एंट्री से कीवी टीम प्रेशर में आ जाएगी. अगर डेरिल मिचेल टीम इंडिया के तो विराट कोहली न्यूजीलैंड के सबसे बड़े दुश्मन साबित हुए हैं. दूर-दूर तक कोहली के आस-पास भी कोई बल्लेबाज नहीं नजर आता है.
रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड ध्वस्त
विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है. वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक ठोकने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं. रिकी पोंटिंग ने जो रिकॉर्ड बनाने के लिए 50 पारियां ली थीं उसी को विराट ने महज 36 पारियों में ध्वस्त कर दिया है. विराट ने महज 36 वनडे पारियों में न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 शतकीय पारियां खेल दी हैं. वीरेंद्र सहवाग भी इस लिस्ट में थे जिन्होंने महज 23 पारियों में 5 वनडे शतक न्यूजीलैंड के खिलाफ ठोके थे. इतना ही नहीं, विराट कोहली सभी फॉर्मेट को मिलाकर इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक ठोकने वाले बल्लेबाज बने. उन्होंने सभी फॉर्मेट में मिलाकर इस टीम के खिलाफ 10 शतक ठोके हैं. सचिन तेंदुलकर ने इस टीम के खिलाफ 9 शतकीय पारियां खेली थी और अब वह पीछे हो चुके हैं.
पहले वनडे में चूके थे विराट कोहली
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में विराट कोहली अपने एक शतक से चूक गए थे नहीं तो इसकी संख्या 8 होती और रिकॉर्ड अटूट होता. विराट कोहली ने उस दौरान 93 रन पर अपना विकेट गंवाया था. अब इंदौर में कोहली ने 124 रन की पारी खेलकर टीम इंडिया को जीत दिलाने में एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया लेकिन उन्हें किसी और का साथ नहीं मिला. हर्षित राणा और नितीश कुमार रेड्डी ने फिफ्टी ठोकी लेकिन इसके बार ज्यादा देर नहीं टिके जिसके चलते न्यूजीलैंड ने 41 रन से जीत दर्ज की.
ये भी पढ़ें.. जीतकर भी हारे विराट.. इंदौर में फेल भारत का इंतकाम, गंभीर के जख्मों पर कील
मिचेल बने रोड़ा
टीम इंडिया के सामने न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर डेरिल मिचेल रोड़ा बने. वह भारत में सबसे ज्यादा शतक ठोकने वाले बल्लेबाज साबित हुए और उन्होंने 4 सेंचुरी जमाकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया. पिछले मैच में 131 रन की नाबाद पारी खेलकर वह टीम इंडिया के सामने रोड़ा बने थे और इस बार 137 रन ठोक उन्होंने कीवी टीम को 337 के पहाड़नुमा स्कोर तक पहुंचा दिया.