आगर मालवा जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। ये सम्मेलन समाज में समरसता, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का उद्देश्य रखते हैं। इसी क्रम में सोमवार को सुसनेर के जामुनिया रोड स्थित सुमन मैरिज गार्डन में माधव बस्ती का हिंदू सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन में बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों के साथ-साथ सीएम राइज स्कूल के बच्चों ने नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से कुटुंब प्रबोधन का प्रभावशाली संदेश दिया गया, जिसमें परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्व बोध को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक मोहन आर्य मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में कैलाश धाम शिव टेकरी के संत श्री 1008 हरिहरानंद जी महाराज, वृंदावन के शिव स्वरूप जी महाराज तथा राष्ट्रीय सेविका समिति से भारगवी जोशी मंचासीन रहीं। कार्यक्रम के संयोजक सत्यनारायण सोनी थे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में ‘पंच परिवर्तन’ पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का मूल्यांकन उसकी जाति, भाषा, संपत्ति या सामाजिक स्थिति के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए। अतिथियों ने इस बात पर जोर दिया कि यह देश सभी का है और यही भावना सच्ची सामाजिक समरसता की पहचान है। सामाजिक एकता की पहली शर्त मन से भेदभाव की भावना को समाप्त कर प्रत्येक व्यक्ति को अपना मानना है। सम्मेलन के अंत में ‘एक पंगत–एक संगत’ के भाव के साथ सहभोज का आयोजन किया गया। इस सहभोज ने सामाजिक समरसता के संदेश को व्यवहार में उतारने का कार्य किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं और मातृशक्ति की उपस्थिति दर्ज की गई।
Source link