सतना के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मेन मार्केट स्थित पन्नीलाल चौक में रविवार देर रात करीब 11 बजे दो युवकों पर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस हमले में एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दूसरा युवक घायल हुआ है। हमले में घायल युवक की पहचान विक्की वर्मा के रूप में हुई है। उसे पेट के ऊपरी हिस्से में चाकू लगा है, जिससे उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। विक्की को उसके दोस्त जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया। बीच-बचाव में दोस्त के हाथ में लगी चोट घटना के दौरान विक्की को बचाने आए उसके दोस्त शिवांश के हाथ में भी चाकू लग गया। शिवांश को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया है। उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। गाली-गलौज का विरोध करने पर किया हमला घायल शिवांश ने बताया कि वह विक्की और एक अन्य दोस्त के साथ सौखी लस्सी वाले के सामने स्थित पार्किंग में कार लेने गया था। उसी दौरान पास की पान दुकान पर मौजूद ईश्वर बाल्मीक अपने साथियों के साथ गाली-गलौज कर रहा था। विक्की ने जब उससे गाली देने का कारण पूछा, तो ईश्वर और उसके साथियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने विक्की के पेट पर चाकू से वार किया और मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में विक्की वहीं गिर पड़ा। उसके दोस्तों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी जिला अस्पताल पहुंचे। पीड़ितों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Source link