Last Updated:
Rohit Sharma question after new zealand series :न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज रोहित शर्मा के खराब प्रदर्शन के बाद उनके 2027 वर्ल्ड कप खेलने पर एक बार फिर सवाल उठने लगा है. सीरीज में मिली हार के बाद साइमन डूल और रवि शास्त्री ने सवाल उठाए. रोहित 3 मैचों की सीरीज में सिर्फ 61 रन ही बना पाए.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घर पर पहली बार वनडे सीरीज में मिली हार ने बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. सीरीज का नतीजा आने के बाद फिर लोग रोहित शर्मा के वर्ल्ड कप खेलने को लेकर चर्चा करने लगे हैं. पूर्व न्यूजीलैंड तेज गेंदबाज साइमन डूल ने रविवार को सवाल उठाया कि क्या रोहित शर्मा के पास 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए सच में वो भूख है. रोहित इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए, जिसमें भारत 1-2 से हार गया. उन्होंने सिर्फ 61 रन बनाए, औसत 20.33 रहा और सबसे ज्यादा 26 रन बनाए.
ये पहली बार था जब सितंबर में इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के बाद रोहित ने पूरी सीरीज में एक भी फिफ्टी नहीं लगाई. रोहित ने ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने एक सेंचुरी और तीन फिफ्टी बनाई थीं. पिछली बार जब उन्होंने तीन वनडे खेले और फिफ्टी नहीं बनाई थी, वो 2021 में था. डूल ने सीरीज के दौरान कहा, ‘मुझे लगता है रोहित के पास हमेशा कोई लक्ष्य रहा है, चाहे वो टी20 वर्ल्ड कप हो या 50 ओवर का वर्ल्ड कप. मैं सोचता हूं, 2027 वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका में क्या बहुत दूर है? क्या उनके पास सच में वो भूख है?’
पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने भी डूल की बात से सहमति जताई. उन्होंने कहा, ‘यही तो बात है, है ना? यही सही शब्द है. आप कितने भूखे हैं. ये भूख है, ये चाहत है. खासकर जब आपने खेल में सब कुछ हासिल कर लिया हो.’
रोहित 2027 वर्ल्ड कप के समय 40 साल के होंगे. इतनी उम्र में बहुत कम खिलाड़ी सबसे बड़े मंच पर सफल हुए हैं, लेकिन रोहित अपना दावा मजबूत करने के लिए तैयार दिखते हैं. डूल ने ये भी चिंता जताई कि रोहित को अगले वनडे सीरीज तक मैच प्रैक्टिस कम मिलेगी, जो जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ है. बाकी खिलाड़ी अब 2026 टी20 वर्ल्ड कप या घरेलू रणजी ट्रॉफी खेलेंगे और रोहित मार्च में 2026 आईपीएल में दिखेंगे.
डूल ने कहा, ‘पिछले कुछ समय और अगले दो हफ्तों में हम टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी कर रहे हैं. पिछले चार महीनों में बहुत कम वनडे क्रिकेट खेला गया है और अगले तीन-चार महीनों में भी ऐसा ही होगा. जब आप सिर्फ एक फॉर्मेट खेलते हैं, तो ज्यादा मौके नहीं मिलते.’
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें