Virat Kohli ODI Records: न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में विराट कोहली ने एक बार फिर बल्ले से गदर मचाते हुए अपने ODI करियर का 54वां शतक जड़ दिया. स्टार बल्लेबाज ने 108 गेंदों पर 124 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. इंदौर में कहर बरपाते हुए कोहली ने अंतरराष्ट्रीय करियर का 85वां शतक ठोका. वो अब पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के 100 शतकों के महारिकॉर्ड से 15 सेंचुरी दूर हैं. हालांकि, कोहली ने इंदौर में सौ का आंकड़ा क्रॉस करते ही मास्टर ब्लास्टर का एक और महारिकॉर्ड तोड़ दिया है.
रविवार (18 जनवरी) को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 337 रनों का पहाड़ खड़ा किया. इसके जवाब में टीम इंडिया ने 100 रन के भीतर 4 विकेट खो दिए. एक बार फिर करोड़ों भारतीय फैंस की उम्मीदें विराट कोहली से थी और स्टार बल्लेबाज ने मैच जिताने की पूरी कोशिश की, लेकिन 124 रन बनाकर आउट हुए और भारत के हाथ से सीरीज फिसल गया. इंदौर में शतक जड़कर विराट कोहली के एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली.
विराट कोहली ने तोड़ा सचिन का बड़ा रिकॉर्ड
विराट कोहली ने अपने गुरु सचिन तेंदुलकर का एक और रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है. वो अब ODI में अधिकांश मैदानों पर शतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शिखर पर पहुंच गए हैं. इस मामले में उन्होंने मास्टर ब्लास्टर को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 34 सेंचुरी थी. इंदौर के होल्कर स्टेडियम में शतक ठोकते ही विराट कोहली ने ये बड़ा कारनामा किया. उनके इस करिश्माई रिकॉर्ड को तोड़ना भविष्य में भी आसान नहीं होगा.
— BCCI (@BCCI) January 18, 2026
अधिकांश मैदानों पर शतक (वनडे इंटरनेशनल में)
35 – विराट कोहली
34- सचिन तेंदुलकर
26- रोहित शर्मा
21- रिकी पोंटिंग
21- हाशिम अमला
21- एबी डिविलियर्स
कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ठोका 9वां शतक
न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर ODI में शतक ठोककर विराट कोहली ने एक साथ तीन दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया. वो अब ब्लैक कैप्स के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में तीनों फॉर्मेट मिलाकर सबसे अधिक सेंचुरी जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले साउथ अफ्रीका के महान ऑलराउंडर जैक्स कैलिस, इंग्लैंड के जो रूट और भारत के पूर्व दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में 9 शतक ठोके थे. कोहली अब तीनों से आगे निकल चुके हैं. उन्होंने कीवी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10वीं सेंचुरी जड़ी.