छिंदवाड़ा में रविवार को शहर के दशहरा मैदान में भक्ति और उल्लास से सराबोर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। स्टार नवयुवक मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आयोजन में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए, जो देर रात तक भक्ति में डूबे नजर आए। कार्यक्रम की शुरुआत रात करीब 9 बजे हुई, जिसके बाद लगातार भजनों की प्रस्तुति से पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में बदल गया। शहनाज अख्तर के भजनों पर दर्शक जमकर झूमते नजर आए, वहीं बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने भी भक्ति रस में थिरकते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया। “जिन्हें सनातन से मतलब नहीं वे गालियां देते हैं” दैनिक भास्कर से चर्चा में भजन गायिका शहनाज अख्तर ने कहा कि वे पिछले कुछ समय से विधर्मियों को अपने तरीके से जवाब दे रही हैं। उन्होंने कहा, “जब उन्हें हमारे भजन और गीतों से कोई मतलब नहीं है, तो वे हमारी भजन पोस्ट पर आकर अभद्र टिप्पणियां और गालियां क्यों लिखते हैं। ”उन्होंने बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंता जताते हुए कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कारों से जोड़ना बेहद जरूरी है। “बेहतर भविष्य के लिए बच्चों को गुरुकुल जैसी शिक्षा प्रणाली से जोड़ना चाहिए, जहां उन्हें संस्कार और संस्कृति का ज्ञान मिल सके,” उन्होंने कहा। गौरतलब है कि स्टार नवयुवक मंडल द्वारा यह आयोजन अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति की गर्भगृह में स्थापना के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। आयोजन देर रात तक चलता रहा और अंत तक श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा। भक्ति, संगीत और आस्था के संगम ने दशहरा मैदान की इस शाम को यादगार बना दिया। इस अवसर पर छिंदवाड़ा सांसद विवेक ‘बंटी’ साहू, महापौर विक्रम अहके, डॉ. मनन गोगिया, अरविंद राजपूत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी उपस्थित रहे।
Source link