Last Updated:
Bizarre incident in Women Cricket: यूएई महिला टीम ने कतर के खिलाफ महिला टी20 वर्ल्ड कप एशिया क्वालिफायर्स 2025 में अपने सभी बैटर को रिटायर्ड आउट कर दिया था. ये फैसला बारिश के खतरे को देखते हुए अंक ना बांटने की वजह से लिया गया था. पूरी टीम 192 रन पर ऑलआउट हुई और कतर को 29 रन पर ऑलआउट किया.
नई दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर जब कुछ नया होता है तो वो दर्शकों को याद रह जाता है. मैच के दौरान चोट लगने के बाद आईसीसी ने खिलाड़ियों के लिए रिटायर्ड आउट होकर वापस लौटने का नियम बनाया है. कुछ खिलाड़ी टीम की जरूरत के मुताबिक रन ना बना पाने पर भी इस नियम का इस्तेमाल करते हैं. चलते मैच में कोई खिलाड़ी ही ऐसा मिलता है जो अपने आप को रिटायर्ड आउट घोषित करता है लेकिन एक मुकाबले के दौरान टीम के सारे बैटर इसी तरह से आउट हुए थे.
10 मई 2025 शनिवार को एक अजीब घटना देखने को मिली जब संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) महिला टीम ने कतर के खिलाफ महिला टी20 वर्ल्ड कप, एशिया क्वालिफायर्स मैच खेला. यूएई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और ओपनर ईशा रोहित ओजा (113) और थीर्था सतीश (74) ने नाबाद साझेदारी करते हुए टीम को 192 रन तक पहुंचाया. लेकिन इसके बाद कुछ बेहद अनोखा हुआ. यूएई की पूरी टीम ‘रिटायर्ड आउट’ हो गई. कतर की टीम को 193 रन का लक्ष्य मिला. क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि किसी टीम के सभी खिलाड़ी रिटायर्ड आउट हुए.
क्यों पूरी टीम हुई रिटायर्ड आउट
यूएई के इस ‘रिटायर्ड आउट’ रणनीति के पीछे वजह यह थी कि मैच बैंकॉक में खेला जा रहा था और बारिश का खतरा मंडरा रहा था. अगर बारिश के कारण मैच रद्द हो जाता, तो दोनों टीमों को बराबर अंक मिलते. इसी से बचने के लिए यूएई ने यह अनोखी रणनीति अपनाई ताकि मैच जल्दी खत्म हो सके. यूएई की यह रणनीति कामयाब रही क्योंकि गेंदबाजी में उन्होंने कतर को सिर्फ 29 रन पर ऑलआउट कर दिया और मौसम के दखल से पहले ही मैच जीत लिया.
कप्तान ईशा रोहित ओजा ने 55 गेंद में 113 रन बनाए, वहीं थीर्था सतीश ने 42 गेंद में 74 रन की पारी खेली. कतर की कोई भी गेंदबाज विकेट नहीं ले सकी, लेकिन यूएई की बल्लेबाजों ने खुद ही रिटायर्ड आउट होकर अपनी पारी समाप्त कर दी. लक्ष्य का पीछा करते हुए कतर की टीम 29 रन पर ही सिमट गई. ओपनर रिज्फा इमैनुएल ने कतर के लिए सबसे ज्यादा 20 रन बनाए. यूएई के लिए मिशेल बोथा ने तीन विकेट लिए, जबकि केटी थॉम्पसन ने दो विकेट झटके.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें