नई दिल्ली. महिला प्रीमियर लीग 2026 अब अपने आखिरी और सबसे रोमांचक चरण की ओर तेज़ी से बढ़ रही है. जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ रहा है, मुकाबलों का रोमांच चरम पर पहुंचता जा रहा है. इस सीज़न की सबसे बड़ी और दमदार कहानी बनकर सामने आई है स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), जिसने जीत की ऐसी लय पकड़ी है कि बाकी टीमें सिर्फ उसके प्रदर्शन को देखते रह गईं. लगातार पांच मुकाबले जीतकर RCB न सिर्फ प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी, बल्कि खिताब की सबसे प्रबल दावेदार के रूप में भी खुद को स्थापित कर चुकी है.
जिस तरह से RCB इस सीज़न खेल रही है, उसे देखकर साफ कहा जा सकता है कि टीम सिर्फ प्लेऑफ तक सीमित रहने नहीं आई है. स्मृति मंधाना की शांत लेकिन आक्रामक कप्तानी, खिलाड़ियों पर भरोसा और सही समय पर सही फैसले यही RCB की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरे हैं. वहीं पर्पल कैप और ऑरेंज कैप की रेस बहुत दिलचस्प हो गई है.
ऑरेंज कैप की रेस
बल्लेबाज़ों के बीच ऑरेंज कैप की जंग भी काफी रोमांचक होती जा रही है. मौजूदा सीज़न में यूपी वॉरियर्स की ओर से खेल रही फीबी लिचफील्ड सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम किए हुए हैं. लिचफील्ड ने अब तक खेले गए 5 मैचों की 5 पारियों में 211 रन बनाए हैं और शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैंवहीं, मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर 199 रनों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं और ऑरेंज कैप की रेस में लिचफील्ड को कड़ी टक्कर दे रही हैं.
पर्पल कैप की जंग
गेंदबाज़ों की बात करें तो पर्पल कैप की रेस इस वक्त सबसे ज्यादा रोमांचक मोड़ पर है. नादिन डी क्लर्क और अमेलिया केर के बीच पर्पल कैप को लेकर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है. दोनों गेंदबाज़ों ने अब तक 10-10 विकेट चटकाए हैं और संयुक्त रूप से पर्पल कैप की सूची में शीर्ष पर मौजूद हैं. वहीं, RCB की तेज़ गेंदबाज़ लॉरेन बेल भी शानदार फॉर्म में हैं और 9 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं.
लगातार 5 जीत के साथ RCB का धमाल
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने WPL के सिंगल सीज़न में लगातार पांच मैच जीतने वाली पहली टीम बनकर इतिहास रच दिया है. सोमवार को खेले गए टूर्नामेंट के 12वें लीग मुकाबले में RCB ने गुजरात जायंट्स को 61 रनों के बड़े अंतर से हराकर प्लेऑफ का टिकट पक्का कर लिया. स्मृति मंधाना की कप्तानी में RCB ने अब तक खेले गए पांचों मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की है। टीम ने पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 3 विकेट से, फिर यूपी वॉरियर्स को 9 विकेट से, गुजरात जायंट्स को 32 रन से, दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से,और फिर गुजरात जायंट्स को 61 रन से हराया. इन जीतों में RCB का प्रदर्शन हर विभाग में संतुलित और आक्रामक नजर आया चाहे वह टॉप ऑर्डर की बल्लेबाज़ी हो, मिडिल ऑर्डर की स्थिरता या गेंदबाज़ों का अनुशासित प्रदर्शन.
बाकी टीमों का हाल
लगातार पांच जीत के साथ RCB पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर काबिज है और उसने प्लेऑफ में जगह बना ली है. उसके बाद मुंबई इंडियंस, यूपी वॉरियर्स और गुजरात जायंट्स की टीमें 2-2 जीत के साथ क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर मौजूद हैं. वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस सीज़न अब तक संघर्ष करती नजर आई है और केवल एक जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में अंतिम पायदान पर है. मुंबई, यूपी और गुजरात के पास 4-4 अंक हैं, जबकि दिल्ली के खाते में सिर्फ 2 अंक हैं. आने वाले मुकाबले इन टीमों के लिए प्लेऑफ की रेस को और भी दिलचस्प बना सकते हैं.
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या RCB इस लय को बरकरार रखते हुए पहली बार WPL का खिताब अपने नाम कर पाती है या कोई दूसरी टीम उसके विजय रथ को रोकने में सफल रहती है.