नर्मदा जयंती: खरगोन में यहां मनेगा निर्झरणी महोत्सव, नामी कलाकार करेंगे शिरकत, हेलीकॉप्टर से फूल बरसेंगे

नर्मदा जयंती: खरगोन में यहां मनेगा निर्झरणी महोत्सव, नामी कलाकार करेंगे शिरकत, हेलीकॉप्टर से फूल बरसेंगे


Last Updated:

Narmada Jayanti 2026: इस साल निर्झरणी महोत्सव 25 जनवरी को मंडलेश्वर के रामघाट पर आयोजित होगा. संस्कृति विभाग के अनुसार यह कार्यक्रम शाम 6 बजे से शुरू होगा. इसमें प्रदेश के नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. जानें सब…

Khargone News: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की धार्मिक नगरी मंडलेश्वर एक बार फिर नर्मदा जयंती के रंग में रंगने जा रही है. नर्मदा के पावन तट पर बसे इस ऐतिहासिक नगर में नर्मदा जयंती बड़े धूमधाम से मनाई जाएगी. इसी दिन मध्य प्रदेश सरकार और संस्कृति विभाग के सहयोग से निर्झरणी महोत्सव का आयोजन होगा. आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और पूरा नगर भक्ति और उत्साह के माहौल में डूबा हुआ है. मंडलेश्वर वही जगह है, जहां कभी आदि गुरु शंकराचार्य और मंडन मिश्र के बीच विश्व प्रसिद्ध शास्त्रार्थ हुआ था. यहां नर्मदा जयंती खास अंदाज में मनाई जाती है.

नर्मदा तट पर जगह-जगह भंडारे लगते हैं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. नर्मदा जयंती से पहले 7 दिनों तक नर्मदा पुराण कथा का आयोजन भी किया जाता है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं. इस साल निर्झरणी महोत्सव 25 जनवरी को मंडलेश्वर के रामघाट पर आयोजित होगा. संस्कृति विभाग के अनुसार यह कार्यक्रम शाम 6 बजे से शुरू होगा. इसमें प्रदेश के नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. निमाड़ी लोकगायन, नर्मदा पर आधारित नृत्य नाटिका और भक्ति संगीत इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेंगे. कार्यक्रम में आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा.

7 साल पहले शुरू हुआ था महोत्सव
संस्कृति विभाग के संचालक एनपी नामदेव ने बताया कि नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और परंपराओं की पहचान है. नर्मदा के किनारे बसने वाली सभ्यताएं आज भी जीवंत हैं. आने वाली पीढ़ी अपनी विरासत को समझ सके, इसी सोच के साथ निर्झरणी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. वर्ष 2019 में इसकी शुरुआत मंडलेश्वर से हुई थी, जो अब प्रदेश के अन्य नर्मदा तटों तक फैल चुका है.

इंदौर-भोपाल के कलाकार देंगे प्रतुति
खरगोन के पर्यटन विभाग के नोडल अधिकारी नीरज अमझरे ने बताया कि निर्झरणी महोत्सव में सबसे पहले प्रवीण चौबे और उनके साथी भोपाल से निमाड़ी लोकगायन की प्रस्तुति देंगे. इसके बाद इंदौर की दीपिका सिंह और उनके साथी मां नर्मदा पर केंद्रित नृत्य नाटिका पेश करेंगे. अंत में भोपाल की वाणी राव और उनके साथी भक्ति गायन से माहौल को भक्तिमय बना देंगे.

नर्मदा पुराण से जान रहे महिमा
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एसडीएम पूर्वा मंडलोई के नेतृत्व में तैयारियां चल रही हैं. वहीं, नर्मदा जयंती को लेकर नगर परिषद द्वारा घाटों की रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और सजावट का काम तेजी से किया जा रहा है. 17 जनवरी से 23 जनवरी तक नर्मदा पुराण कथा का आयोजन चल रहा है, जिसमें खंडवा के कथावाचक पंडित अंतेश व्यास दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक कथा वाचन कर रहे हैं.

नर्मदा जयंती पर यहां भी होंगे आयोजन
मंडलेश्वर के अलावा जिले के बड़वाह के नावघाट खेड़ी में भी नर्मदा जन्मोत्सव पूरे भाव के साथ मनाया जाएगा. यहां 7 दिनों तक कार्यक्रम चलते हैं और नर्मदा जयंती के दिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं. हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा इस आयोजन का खास आकर्षण रहती है. वहीं, महेश्वर में भी नर्मदा जयंती को लेकर भारी उत्साह है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां नर्मदा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें

homemadhya-pradesh

नर्मदा जयंती: खरगोन में यहां मनेगा निर्झरणी महोत्सव, नामी कलाकार करेंगे शिरकत



Source link