शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग में कृषि दवा के छिड़काव से चना और मसूर की खड़ी फसलें बर्बाद होने का मामला सामने आया है। बुधवार को इससे नाराज किसानों ने खतौरा गांव के पास खतौरा-ईसागढ़ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि खतौरा स्थित ‘अग्रवाल कृषि सेवा केंद्र’ से खरीदी गई इल्ली मार दवा डालने के बाद उनकी फसलें अचानक सूखने लगीं। हंगामे के बाद प्रशासन हरकत में आया और कृषि सेवा केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। साथ ही दवा के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। किसानों ने बताया कि वे फसल खराब होने की शिकायतें कृषि विभाग, कोलारस अनुविभागीय कार्यालय और जनसुनवाई में कलेक्टर से भी कर चुके थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। उनका आरोप है कि दुकानदार के राजनीतिक रसूख के चलते प्रशासन कार्रवाई से बचता रहा, जिसके विरोध में उन्होंने मजबूर होकर सड़क जाम कर दिया। किसानों का कहना है कि अब तक एक सैकड़ा से अधिक किसानों की सैकड़ों बीघा फसल नष्ट हो चुकी है। अधिकारियों की समझाइश पर खुला जाम चक्काजाम की सूचना मिलने पर इंदार थाना पुलिस, कृषि विभाग के अधिकारी और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया और समझाइश दी, जिसके बाद किसानों को सड़क से हटाया गया और जाम खुलवाया गया। ‘श्रीकर कलिंगा’ फफूंदनाशक से हुआ नुकसान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी (विकासखंड बदरवास) के. कोली ने बताया कि मैसर्स अग्रवाल कृषि सेवा केंद्र, खतौरा (प्रो. मनोज जैन) से 18 जनवरी को खरीदे गए फफूंदनाशक “श्रीकर कलिंगा” के उपयोग से फसलों को नुकसान होने की सूचना मिली है। सूचना मिलते ही मौके पर निरीक्षण किया गया और संबंधित कृषि सेवा केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। जांच दल गठित, किसान फिलहाल न करें दवा का उपयोग फफूंदनाशक को सील कर नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रभावित किसानों की सूची तैयार की जा रही है और फसलों का निरीक्षण जारी है। वास्तविक क्षति की स्थिति परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। किसानों को फिलहाल “श्रीकर कलिंगा” फफूंदनाशक का उपयोग न करने की सलाह दी गई है। उप संचालक कृषि द्वारा एक जिला स्तरीय जांच दल का गठन किया गया है। यह दल दवा का उपयोग करने वाले किसानों की फसलों का मौका निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगा। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link