शिवपुरी में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को ससुराल से धक्के देकर निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता शहनाज खान का आरोप है कि देवर की शादी के लिए ससुराल वाले मायके से 50 हजार रुपए लाने का दबाव बना रहे थे। पैसे नहीं लाने पर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। अब उसे अलग-अलग नंबरों से फोन कर जान से मारने और उसकी 4 साल की बेटी को छीनने की धमकियां दी जा रही हैं। पीड़िता शहनाज खान ने बताया कि उसका निकाह वर्ष 2021 में मुरैना निवासी अजरूद्दीन खान के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। उनकी एक चार साल की बेटी भी है। शहनाज का आरोप है कि उसके देवर की शादी 13 नवंबर 2025 को होनी थी। इसी शादी के खर्च के लिए पति, ससुर और सास ने उस पर मायके से 50 हजार रुपए लाने का दबाव बनाया। पैसे नहीं लाई तो मारपीट कर घर से निकाला जब शहनाज ने पैसे लाने में असमर्थता जताई, तो 27 अक्टूबर 2025 को ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। बेसहारा होकर वह अपने पिता के साथ शिवपुरी आ गई और तब से वहीं रह रही है। जिंदा जलाने और बेटी को उठा ले जाने की धमकी पीड़िता का आरोप है कि घर से निकालने के बाद भी ससुराल वाले उसे चैन से नहीं रहने दे रहे। वे लगातार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर धमकी दे रहे हैं कि उसकी बेटी को जबरन उठा ले जाएंगे और पूरे परिवार को जिंदा जला देंगे। इन धमकियों से शहनाज और उसका परिवार दहशत में है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी व बेटी की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
Source link