दिल्ली एयर शो की तैयारी के चलते फ्लाइट्स कैंसिल: इंदौर की चार उड़ानें रहेगी निरस्त, 26 जनवरी तक परेशानी – Indore News

दिल्ली एयर शो की तैयारी के चलते फ्लाइट्स कैंसिल:  इंदौर की चार उड़ानें रहेगी निरस्त, 26 जनवरी तक परेशानी – Indore News




राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के एयर शो की तैयारियों से आम हवाई यात्री परेशान हैं। एयरफोर्स द्वारा किए जाने वाले एयर शो की तैयारी के लिए कल से दिल्ली एयरपोर्ट पर रोजाना 2 घंटे के लिए उड़ानों का संचालन बंद कर दिया गया है। इसके कारण बुधवार को इंदौर से दिल्ली के बीच संचालित होने वाली चार उड़ानें निरस्त रहीं और आज भी ये निरस्त रहेंगी। यह सिलसिला 26 जनवरी तक जारी रहेगा। विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक, एयर शो की तैयारी के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर 21 से 26 जनवरी तक रोजाना सुबह 10:20 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक यात्री उड़ानों का संचालन पूरी तरह बंद किया गया है। इसके लिए नोटिस टू एयरमैन (NOTAM) भी जारी किया गया है, जिसके माध्यम से दुनिया के सभी एयरपोर्ट्स को यह जानकारी दी गई है। इसी कारण इंदौर से दिल्ली जाने और वहां से आने वाली दोपहर की उड़ानों को अस्थायी रूप से निरस्त किया जा रहा है। बुधवार को एयर इंडिया की चार उड़ानें इसी क्रम में निरस्त रहीं। इनमें उड़ान संख्या एआई-1725/1860 और एआई-1787/1872 शामिल हैं। ये सभी उड़ानें सुबह से दोपहर के बीच संचालित होती हैं। एयर इंडिया के साथ ही इंडिगो की भी उड़ानें आने वाले दिनों में निरस्त हो सकती हैं। एयर इंडिया ने इस अवधि के लिए इंदौर से दिल्ली के बीच संचालित होने वाली कुछ उड़ानों की बुकिंग बंद कर दी है और वेबसाइट से हटा दिया है। यात्रियों को सिर्फ रिफंड और रिबुकिंग का विकल्प उड़ानों के निरस्त होने से वे यात्री परेशान हैं जिन्होंने इनमें पहले से टिकट बुक कर रखी थी। कंपनी ऐसे यात्रियों को केवल रिफंड और रिबुकिंग का विकल्प दे रही है। आखिरी समय में उड़ानें निरस्त होने के कारण जब यात्री दूसरी उड़ानों में बुकिंग करने जाते हैं, तो उन्हें सामान्य से कहीं ज्यादा किराया चुकाना पड़ रहा है।



Source link