सड़क दुर्घटनाओं पर NHAI का स्टूडेंट्स से संवाद: अफसर बोलें- एक एक्सीडेंट से न सिर्फ जीवन बल्कि परिवार-समाज, अर्थव्यवस्था को भी नुकसान – Khandwa News

सड़क दुर्घटनाओं पर NHAI का स्टूडेंट्स से संवाद:  अफसर बोलें- एक एक्सीडेंट से न सिर्फ जीवन बल्कि परिवार-समाज, अर्थव्यवस्था को भी नुकसान – Khandwa News




सड़क दुर्घटनाओं पर रोक और सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एनएचएआई द्वारा सड़क सुरक्षा माह चलाया जा रहा हैं। इसके तहत सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल के ऑडिटोरियम में सड़क सुरक्षा जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार को एनएचएआई के परियोजना निदेशक आशुतोष सोनी ने संबोधित किया। PPT और वीडियो के जरिए दुर्घटनाओं के कारण समझाए गए। स्कूली कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन, चित्रों और वास्तविक सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े वीडियो क्लिप्स के माध्यम से सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। प्रस्तुतीकरण में तेज गति, लापरवाही, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग न करना, मोबाइल फोन का प्रयोग और नशे की हालत में वाहन चलाने जैसे प्रमुख कारणों को उदाहरणों सहित समझाया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि सड़क दुर्घटनाएं केवल जीवन की क्षति ही नहीं करतीं, बल्कि परिवार, समाज और देश की अर्थव्यवस्था को भी गहरा नुकसान पहुंचाती हैं। दुर्घटनाओं से बचाव के सरल और व्यावहारिक उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सड़क सुरक्षा हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी
परियोजना निदेशक आशुतोष सोनी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति ईमानदारी से यातायात नियमों का पालन करें, तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे प्राप्त जानकारियों को अपने परिवार और समाज तक भी पहुंचाएं। हेल्पलाइन 1033 की दी जानकारी
सेमिनार में राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन नंबर 1033 की उपयोगिता बताई गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि दुर्घटना, वाहन खराब होने या किसी आपात स्थिति में इस हेल्पलाइन के माध्यम से त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है। विद्यार्थियों को दिलाई सड़क सुरक्षा शपथ
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। वहीं, स्कूल प्रबंधन को सुझाव दिया गया कि विद्यालयी पाठ्यक्रम में तिमाही आधार पर सड़क सुरक्षा विषय को शामिल किया जाए। विद्यालय प्रबंधन ने इस सुझाव का स्वागत करते हुए इसे लागू करने पर सहमति जताई।



Source link