Last Updated:
IND vs NZ 2nd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत हो चुकी है. पहला टी20 नागपुर में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 48 रन से हराया. टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी तैयारियों को मजबूत करने का भारत के पास यह आखिरी मौका है. पहले मुकाबले में टीम इंडिया के लिए वापसी कर रहे एक स्टार बल्लेबाज का बल्ला नहीं चला. अगर इस स्टार को टी20 वर्ल्ड कप में खेलना है तो आज रन बरसाने होंगे.
नई दिल्ली. भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत हो चुकी है. पहला टी20 नागपुर में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 48 रन से हराया. टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी तैयारियों को मजबूत करने का भारत के पास यह आखिरी मौका है. इस सीरीज के बाद भारतीय टीम सीधा टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी. पहले मुकाबले में टीम इंडिया के लिए वापसी कर रहे एक स्टार बल्लेबाज का बल्ला नहीं चला. अगर इस स्टार को टी20 वर्ल्ड कप में खेलना है तो आज रन बरसाने होंगे, जिससे आगामी आईसीसी टूर्नामेंट में खेलने के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकें.
T20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाएगा. इस बड़े टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम को अब सिर्फ 4 और मैच खेलने हैं. सीरीज में टीम इंडिया 1-0 से आगे है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी20 मैच 23 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा. ऐसे में यह मुकाबला एक खिलाड़ी के लिए काफी अहम माना जा रहा है.
दरअसल, हम यहां बात करे रहे हैं दो साल के लंबे समय बाद टीम इंडिया में लौटे विस्फोटक बल्लेबाज ईशान किशन की. ईशान किशन ने नागपुर टी20 में उतरकर पहली ही गेंद पर चौका लगाया और अपनी पारी का शानदार आगाज किया, लेकिन वह आठ रन बनाकर आउट हो गए थे.
इसके बावजूद दूसरे टी20 में भी उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है. पहले टी20 में जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. लेकिन दूसरे टी20 में ईशान किशन के लिए खुद को साबित करना बेहद जरूरी होगा. अगर वह फिर से नाकाम रहे, तो तीसरे टी20 में उन्हें मौका मिलना मुश्किल हो सकता है. सिर्फ तीसरे टी20 ही नहीं, अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में भी वह बेंच पर नजर आ सकते हैं.
पहले टी20 में ईशान किशन के साथ-साथ संजू सैमसन भी रन नहीं बना पाए थे. दूसरे टी20 में संजू के लिए भी रन बनाना जरूरी होगा. इस पूरी सीरीज में उनके ओपनर के तौर पर खेलने की संभावना है. अगर वह लगातार फेल रहते हैं, तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत की ओपनिंग जोड़ी में बदलाव हो सकता है.
पहले टी20 में भारत ने 20 ओवर में 238 रन बनाए थे. इस बड़े स्कोर के पीछे दो खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही. अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह. अगर इन दोनों ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया होता, तो भारत का स्कोर शायद 190 रन से भी कम रहता. अभिषेक शर्मा ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों पर 84 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल थे. रिंकू ने 20 गेंदों में 44 रन की नाबाद धमाकेदार पारी खेली थी. जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 190 रन ही बना सकी.
बात करें रायपुर में टीम इंडिया के टी20 रिकॉर्ड की तो भारत का जीत प्रतिशत 100 है. दरअसल, यहां भारत ने एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मैच खेला है, जिसमें जीत मिली थी. यह मुकाबला 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला गया था. सूर्यकुमार यादव की ही कप्तानी में भारत ने यह जीत दर्ज की. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 174 रन बनाए थे. जवाब में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज 154 रन तक ही पहुंच सके.
उस मुकाबले में रिंकू सिंह और अक्षर पटेल ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी. रिंकू ने 46 रन की तूफानी पारी खेली थी, जबकि अक्षर पटेल ने अपनी फिरकी के जादू से तीन कंगारू बल्लेबाजों को धराशायी कर दिया था. ये दोनों ही खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ भी तहलका मचाने उतरेंगे. रिंकू शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने पहले टी20 में 20 गेंदों में नाबाद 44 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थे, जिसमें तीन छक्के और चार चौके शामिल थे.
दूसरे टी20 में टीम इंडिया की प्लेइंग-11 ऐसी हो सकती है – सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें