टी20 वर्ल्ड कप में बेहद खतरनाक साबित होगा ऑस्ट्रेलिया, ये रही कंगारू टीम की ताकत और कमजोरियां

टी20 वर्ल्ड कप में बेहद खतरनाक साबित होगा ऑस्ट्रेलिया, ये रही कंगारू टीम की ताकत और कमजोरियां


T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की धरती पर होने जा रही है. ज्यादातर टीमों को इस टूर्नामेंट में एक टीम से ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है और वो टीम है ऑस्ट्रेलिया. भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका भी टी20 वर्ल्ड कप जीतने के सबसे मजबूत दावेदारों में से एक है. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया की टीम सिर्फ एक बार ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही है. ऑस्ट्रेलिया ने एरॉन फिंच की कप्तानी में साल 2021 में हुए टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की थी.

टी20 वर्ल्ड कप में बेहद खतरनाक साबित होगा ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया की टीम दुनिया के किसी भी कोने में खिताब जीतने में माहिर है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया की कमान फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर मिचेल मार्श संभालेंगे. अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और धारदार तेज गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जीतने के सबसे मजबूत दावेदारों में से एक है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया की टीम अपने अभियान की शुरुआत 11 फरवरी से करेगी. ऑस्ट्रेलिया के ज्यादातर क्रिकेटरों को भारत और श्रीलंका में खेलने का बहुत अनुभव है. खास तौर पर IPL में खेलने का अनुभव ही ऑस्ट्रेलिया को बेहद खतरनाक बना देता है.

Add Zee News as a Preferred Source


ऑस्ट्रेलिया की ताकत

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी संभालेंगे. ऑस्ट्रेलिया की टीम में ऑलराउंडर्स की भरमार है, जो इसे तगड़ा बैलेंस देता है. ऑस्ट्रेलिया के पास ओपनिंग में मिचेल मार्श, ट्रैविस हेड और मैथ्यू शॉर्ट जैसे तीन विस्फोटक बल्लेबाज हैं. मिचेल मार्श और मैथ्यू शॉर्ट गेंदबाजी में भी ऑस्ट्रेलिया को मजबूती देते हैं. ऑस्ट्रेलिया के पास मिडिल ऑर्डर में जोश इंग्लिश, टिम डेविड, कूपर कोनोली, कैमरून ग्रीन जैसे खतरनाक क्रिकेटर्स मौजूद हैं. इनमें से ज्यादातर क्रिकेटर्स गेंदबाजी करने में माहिर हैं. ऑस्ट्रेलिया के पास ग्लेन मैक्सवेल और मार्कस स्टोइनिस भी हैं, जो फिनिशर होने के अलावा बेहतरीन गेंदबाजी में करते हैं. ऑस्ट्रेलिया के स्पिन डिपार्टमेंट में एडम जाम्पा और मैथ्यू कुह्नमैन शामिल हैं, जो बीच के ओवरों में विपक्षी टीम के विकेट्स चटकाने में माहिर हैं. इसके अलावा कूपर कॉनली और ग्लेन मैक्सवेल से भी विकेट मिलने की गारंटी है.

ऑस्ट्रेलिया की कमजोरी

ऑस्ट्रेलिया की टीम में फिटनेस को लेकर बहुत मसला है. पैट कमिंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरुआती कुछ मैच मिस करेंगे. ऐसे में चोट से उबरकर आ रहे तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड पर पूरा जिम्मा होगा. तेज गेंदबाज नाथन एलिस भी बिग बैश लीग में चोटिल हो गए हैं, जिससे उनके टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. ऐसे में ऑस्ट्रेलिया को अपने ऑलराउंडर्स पर ज्यादा निर्भर रहना होगा. ऑस्ट्रेलियाई टीम में जोश इंग्लिस ही एकमात्र स्पेशलिस्ट विकेटकीपर हैं. ऐसे में अगर वह चोटिल होते हैं तो न सिर्फ विकेटकीपिंग बल्कि बैटिंग में भी ऑस्ट्रेलिया को तगड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है.

कूपर कॉनली का रोल रहेगा अहम

कूपर कॉनली ऑस्ट्रेलिया के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकते हैं. एक लेफ्टआर्म स्पिनर होने के साथ-साथ वह विस्फोटक बैटिंग भी कर सकते हैं. अगर टर्न मिल रहा हो तो उनका इस्तेमाल पावर-प्ले में भी किया जा सकता है. कूपर कॉनली ऑस्ट्रेलिया को अपनी बैटिंग से अच्छी गहराई देते हैं. इससे ऑस्ट्रेलिया को एक एक्स्ट्रा गेंदबाज खिलाने का मौका भी मिल जाता है.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया कब-कब खेलेगा अपने मैच?

ऑस्ट्रेलिया की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट के ग्रुप-B में शामिल है. कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ 11 फरवरी को होने वाले मैच से ऑस्ट्रेलिया अपने टी20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान की शुरुआत करेगा. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे के खिलाफ 13 फरवरी को कोलंबो में अपना मैच खेलना है. 16 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया का सामना मेजबान श्रीलंका से पल्लेकले में होगा. 20 फरवरी को इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया की टीम ओमान के खिलाफ अपना ग्रुप-B का आखिरी मैच खेलेगी.

टी20 वर्ल्डकप 2026 में ऑस्ट्रेलिया का शेड्यूल (ग्रुप स्टेज)

ऑस्ट्रेलिया बनाम आयरलैंड – पहला मैच – 11 फरवरी (कोलंबो)

ऑस्ट्रेलिया बनाम जिम्बाब्वे – दूसरा मैच – 13 फरवरी (कोलंबो)

ऑस्ट्रेलिया बनाम श्रीलंका – तीसरा मैच – 16 फरवरी (पल्लेकले)

ऑस्ट्रेलिया बनाम ओमान – चौथा मैच – 20 फरवरी (पल्लेकले)

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम

मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनली, पैट कमिंस, टिम डेविड, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुह्नमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम जाम्पा.



Source link