तेंदूखेड़ा में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से डेयरी यूनिट खोलने के नाम पर 68.60 लाख रुपए का लोन लेकर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में 23 जनवरी को जबलपुर ईओडब्ल्यू (EOW) ने केस दर्ज कर लिया है। जांच में पता चला कि शुद्धि मिल्क प्रोडक्ट के मालिक हेमराज किरार ने कानपुर की हेटल डेयरी मशीनरीज से करीब 98 लाख रुपए की मशीनें खरीदने के दस्तावेज बैंक में जमा किए थे। बैंक ने 68.60 लाख रुपए का लोन पास कर सीधे मशीन बेचने वाली कंपनी के खाते में भेज दिया। लेकिन आरोपियों ने न तो तय जगह पर फैक्ट्री डाली और न ही पूरी मशीनें खरीदीं। जांच में खुली पोल जब बैंक अफसरों ने मौके पर जाकर देखा, तो वहां छह में से सिर्फ दो मशीनें मिलीं और वे भी बंद पड़ी थीं। जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई कि मशीन सप्लायर ने बैंक से मिले पैसों में से 61.50 लाख रुपए वापस हेमराज किरार के खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। इससे साफ हो गया कि दोनों ने मिलकर फर्जी बिलों के जरिए बैंक के पैसे आपस में बांट लिए। इन पर दर्ज हुआ केस ईओडब्ल्यू ने ढाई साल की जांच के बाद शुद्धि मिल्क प्रोडक्ट के मालिक हेमराज किरार और कानपुर की कंपनी के मालिक सोनी सिंह सहित अन्य के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Source link