T20 World Cup 2026 से पहले ऑस्ट्रेलिया टीम मुश्किल में है. एक-दो नहीं बल्कि 3 खिलाड़ियों की चोट ने टेंशन बढ़ा दी है. जोश हेजलवुड और पैट कमिंस पहले ही फिटनेस संबंधी समस्याओं से परेशान थे, अब एक और स्टार बॉलर चोटिल हो गया है. ये कोई और नहीं बल्कि दाएं हाथ के तेज गेंदबाज नाथन एलिस हैं, जो इन दिनों बिग बैश लीग 2025-26 में होबार्ट हरिकेन्स टीम के कप्तान थे और अपनी तेज गेंदबाजी से जलवा दिखा रहे थे, लेकिन अब बचे हुए मैचों से बाहर हो चुके हैं.
नाथन एलिस हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते बिग बैश लीग (BBL) 2025-26 के बचे हुए मैच नहीं खेल पाएंगे. उनकी चोट के बाद ये सवाल भी खड़ा हो गया है कि कहीं वो T20 World Cup 2026 से भी तो बाहर नहीं हो जाएंगे? नाथन की टीम होबार्ट हरिकेन्स इस सीजन 10 में से 6 मैच जीतकर क्वालिफाई कर चुकी है और उसे सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ चैलेंजर मुकाबला खेलना है. इस मैच में जीतने वाली टीम फाइनल में एंट्री कर जाएगी, जो 25 जनवरी को पर्थ में होगा. पर्थ स्कॉर्चर्स पहले ही फाइनल में जगह पक्की कर चुकी है.
होबार्ट हरिकेन्स को बड़ा झटका
अहम मैच से ठीक पहले कप्तान नाथन एलिस की चोट डिफेंडिंग चैंपियन होबार्ट हरिकेन्स के लिए लगातार दूसरा खिताब जीतने की उम्मीदों को बड़ा झटका माना जा रहा है.नाथन मेलबर्न स्टार्स के खिलाफ नॉकआउट मुकाबले में भी नहीं खेल सके थे. हालांकि उस मैच को हरिकेन्स ने 3 रनों से जीता था. एलिस को यह चोट ब्रिसबेन हीट के खिलाफ मैच के दौरान लगी थी. इसके बाद वो इस उम्मीद के साथ सिडनी पहुंचे थे कि उन्हें खेलने का मौका मिल जाएगा, लेकिन मैच से ठीक पहले उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया गया था.
क्या विश्व कप 2026 से बाहर होंगे एलिस?
चोटिल एलिस की जगह बल्लेबाज चार्ली वाकिम को मौका दिया गया है. एलिस की गैरमौजूदगी में बेन मैकडरमॉट होबार्ट हरिकेन्स की कप्तानी करते दिखेंगे. इस सीजन एलिस ने 9 मैचों में 14 विकेट निकाले हैं. वो हरिकेन्स के सबसे सफल विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. नाथन पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली T20 सीरीज में भी ऑस्ट्रेलिया टीम का हिस्सा नहीं होंगे, क्योंकि उन्हें World Cup 2026 को देखते हुए रेस्ट दिया गया था, लेकिन अब वो चोटिल हो चुके हैं. देखना होगा कि वो विश्व कप तक फिट हो पाते हैं या नहीं. वो ऑस्ट्रेलिया के लिए 32 मैचों में 50 विकेट ले चुके हैं. नाथन के पास गति में मिश्रण करने की जबरदस्त क्षमता है. वो डेथ ओवरों में अहम बॉलर माने जाते हैं.
इन 3 खिलाड़ियों ने बढ़ाई टेंशन
नाथन एलिस की चोट के अलावा जोश हेजलवुड और पैट कमिंस भी फिटनेस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं. कमिंस को लेकर कहा जा रहा है कि वो T20 World Cup 2026 के शुरुआती 2-3 मैच नहीं खेल पाएंगे. पैट कमिंस को एशेज सीरीज 2025-26 से पहले कमर में बोन स्ट्रेस इंजरी हुई थी, जिसके चलते वो अब तक पूरी तरह रिकवर नहीं हो पाए हैं. वहीं जोश हेजलवुड भी हैमस्ट्रिंग से परेशान रहे हैं. इसके चलते वो पूरी एशेज सीरीज से बाहर रहे थे, हालांकि अब वो तेजी से रिकवरी कर रहे हैं. कुल मिलाकर कमिंस, हेजलवुड और नाथन ने टीम की चिंता बढ़ा दी है.
ऑस्ट्रेलिया की T20 World Cup 2026 टीम
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (अस्थायी): मिशेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, पैट कमिंस, टिम डेविड, कैमरून ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम जम्पा.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 2nd T20I: खतरे में आया KL Rahul का ये तूफानी रिकॉर्ड, 19 छक्के लगाते ही तोड़ देंगे अभिषेक शर्मा