Last Updated:
January 26 Republic Day Parade: 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के कर्तव्य पथ से इस बार पूरा देश लोकमाता अहिल्या बाई होलकर के गौरवशाली इतिहास को जानेगा. इस राष्ट्रीय समारोह में मध्य प्रदेश की विशेष झांकी शामिल की जा रही है, जो अहिल्या बाई के जीवन, उनके कार्यों और योगदानों की पूरी गाथा को एक झांकी में प्रस्तुत करेगी.
गणतंत्र दिवस समारोह 2026 में कर्तव्य पथ पर चलने वाली मध्य प्रदेश की यह झांकी लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर की 300वीं जयंती को समर्पित है. राज्य शासन ने इस झांकी के माध्यम से उनके सुशासन, सामाजिक सोच, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक संरक्षण को देश के सामने रखने का प्रयास किया है.

झांकी को तीन मुख्य हिस्सों में तैयार किया गया है, जिसमें अहिल्या बाई के पूरे जीवन और उनके प्रमुख कार्यों को दिखाने का प्रयास किया गया है. खास बात ये कि इस एक ही झांकी में अहिल्या बाई का व्यक्तित्व, प्रशासनिक क्षमता, नारी सशक्तीकरण और धार्मिक स्थलों के संरक्षण सबकुछ देखने को मिलेगा.

मध्य प्रदेश सरकार की इस झांकी के अगले हिस्से में मातोश्री अहिल्या बाई की प्रतिमा को बैठाया गया है. इसमें वे पद्मासन में विराजमान हैं और हाथ में शिवलिंग धारण किए हुए दिखाई देती हैं, जो उनके शिव के प्रति समर्पण भाव के साथ यह दृश्य भारतीय मातृशक्ति की गरिमा, सौम्यता और आध्यात्मिक चेतना को दर्शाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

मध्य भाग में अहिल्या बाई को उनके मंत्रियों और सैनिकों के साथ दिखाया गया है. यह उनके मजबूत प्रशासन और न्यायप्रिय शासन व्यवस्था का प्रतीक है. इसी हिस्से में उनके शासनकाल के दौरान होलकर साम्राज्य द्वारा किए गए मंदिर निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों को भी दर्शाया गया है, जहां एक सैनिक सांस्कृतिक धरोहर की सुरक्षा करता नजर आता है.

झांकी के अंतिम हिस्से में अहिल्या बाई की राजधानी महेश्वर को प्रमुख रूप से दर्शाया गया है. इसमें महेश्वर के प्रसिद्ध घाट, किला और मंदिरों के साथ पवित्र नर्मदा नदी और नौकाओं का दृश्य शामिल है. भित्ति चित्रों में महिलाएं महेश्वरी साड़ी की बुनाई करती दिखाई देती हैं, जो नारी सशक्तीकरण और स्वदेशी उत्पादन का प्रतीक है.

झांकी के साथ चलते लोक कलाकारों का पारंपरिक नृत्य इस प्रस्तुति को और जीवंत बनाता है. रंग, संगीत और भावनाओं से भरी यह झांकी दर्शकों को अहिल्या बाई के युग में ले जाने का अहसास कराएगी.