T20 World Cup 2026 Bangladesh: भारत-श्रीलंका में होने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले बांग्लादेश ने बड़ी नौटंकी की. उसने भारत में सुरक्षा का हवाल देकर मैच खेलने से इनकार कर दिया. इसके बाद उसकी चौतरफा बेइज्जती हो रही है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के पूर्व जनरल सेक्रेटरी और एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के पूर्व चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर सैयद अशरफुल हक को लगता है कि टी20 वर्ल्ड कप से हटने के बाद अब दुनिया भर के क्रिकेट में बांग्लादेश को एक संभावित परेशानी पैदा करने वाले देश के तौर पर देखा जाएगा.
बांग्लादेश की जगह खेल सकता है स्कॉटलैंड
बांग्लादेश ने खिलाड़ियों के साथ बैठक करने के बाद बॉयकॉट करने का फैसला किया, जिसमें बीसीबी ने अपनी वापसी का मुख्य कारण सुरक्षा चिंताओं को बताया. बोर्ड ने यह भी कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) द्वारा उनकी चिंताओं पर ठीक से ध्यान नहीं दिया जा रहा था और इसके परिणामस्वरूप उसने टीम को भारत न भेजने का फैसला किया है. इसके बाद आईसीसी ने बीसीबी को अंतिम फैसला लेने के लिए अल्टीमेटम दिया और अब टूर्नामेंट में उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किए जाने की संभावना है.
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की खुली पोल
इस फैसले के बाद सैयद अशरफुल हक ने बोर्ड के प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा कि वह सरकार के अधीन है. उन्होंने इस कदम के बांग्लादेश क्रिकेट पर पड़ने वाले बड़े पैमाने पर असर को भी उजागर किया. अशरफुल हक ने क्रिकबज से कहा, ”यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि मौजूदा बोर्ड पूरी तरह से एक ऐसी सरकार के फैसले के अधीन है जो कुछ हफ्तों बाद नहीं रहेगी. हालांकि, इससे जो नुकसान होगा और इंटरनेशनल क्रिकेट समुदाय से जो अलगाव होगा, उसके दूरगामी परिणाम होंगे, क्योंकि बांग्लादेश को क्रिकेट जगत में एक संभावित परेशानी पैदा करने वाले देश के तौर पर माना जाएगा.”
ये भी पढ़ें: 48 घंटे में टूट गया अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड, ईशान किशन ने उड़ाया गर्दा, एक झटके में राहुल-रोहित-सूर्यकुमार से आगे
संदिग्ध एजेंडे का दिया हवाला
अशरफुल हक ने यह भी बताया कि कैसे खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में खेलने के अपने जीवन भर के सपनों से वंचित किया गया है. उन्होंने आगे कहा, ”कोई भी आत्म-सम्मान वाला क्रिकेट बोर्ड आईसीसी के सुरक्षा उपायों को टीम को बताता और खिलाड़ियों से फैसला लेने के लिए कहता. अगर उन्हें असुरक्षित महसूस होता, तो वे निश्चित रूप से नहीं जाते, लेकिन फैसला खिलाड़ियों की तरफ से आना चाहिए था, न कि सरकार या बोर्ड की तरफ से. उन्होंने एक संदिग्ध एजेंडे को पूरा करने के लिए खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप में खेलने के उनके जीवन भर के सपनों से वंचित कर दिया है.”
ये भी पढ़ें: IPL 2026 से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स को तगड़ा झटका, सबसे महंगा अनकैप्ड खिलाड़ी हुआ चोटिल, अचानक क्या हुआ?
भारत में कोई खतरा नहीं: आईसीसी
भारत में टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने से बांग्लादेश के इनकार की पुष्टि गुरुवार (22 जनवरी) को खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने की. आईसीसी पहले ही यह साफ कर चुका है कि टूर्नामेंट तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा और उसने बांग्लादेश के अपने मैच श्रीलंका में शिफ्ट करने के अनुरोध को खारिज कर दिया था. आईसीसी ने कहा था कि भारत में कोई विश्वसनीय सुरक्षा खतरा नहीं है. आईसीसी बोर्ड पहले ही टी20 वर्ल्ड कप के ओरिजिनल शेड्यूल में कोई भी बदलाव न करने के खिलाफ वोट कर चुका है.