T20 World Cup 2026: जब बात टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के प्रबल दावेदारों की आती है, तो इंग्लैंड की टीम को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है. बता दें कि 7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट का आगाज होने जा रहा है, जिसका फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा. टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका के पास है. इंग्लैंड की बात करें तो वह उन चुनिंदा टीमों में शामिल है, जिसने 2 बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है.
टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड क्यों होगा खिताब का प्रबल दावेदार?
इंग्लैंड ने साल 2010 में पॉल कॉलिंगवुड की कप्तानी में और साल 2022 में जोस बटलर की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीती थी. अभी तक टी20 वर्ल्ड कप के 9 एडिशन हो चुके हैं, जिसमें भारत (2 बार), इंग्लैंड (2 बार), वेस्टइंडीज (2 बार), पाकिस्तान (1 बार), श्रीलंका (1 बार) और ऑस्ट्रेलिया (1 बार) टी20 वर्ल्ड चैंपियन बन चुके हैं. इंग्लैंड के ज्यादातर क्रिकेटरों को भारतीय उपमहाद्वीप की पिचों पर खेलने का बहुत अनुभव है. IPL में इंग्लैंड के कई क्रिकेटर्स खेलते हैं. ऐसे में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान इंग्लैंड की टीम को हल्के में बिल्कुल भी नहीं लिया जा सकता है.
इंग्लैंड की ताकत
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए चुनी गई इंग्लैंड की टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा कॉम्बिनेशन है. युवा खिलाड़ी इंग्लैंड की टीम में सरप्राइज एलिमेंट लाएंगे, जबकि अनुभवी खिलाड़ियों का अनुभव बड़े मैचों में काम आएगा. इंग्लैंड के पास टूर्नामेंट की सबसे खतरनाक ओपनिंग जोड़ियों में से एक है. जोस बटलर के साथ फिल साल्ट ओपनिंग करेंगे. इन दोनों विकेटकीपर-बल्लेबाजों को सबकॉन्टिनेंट में खेलने का काफी अनुभव है. जोस बटलर और फिल साल्ट पावरप्ले में तेजी से रन बना सकते हैं और इंग्लैंड को शानदार शुरुआत दिला सकते हैं. इंग्लैंड की टीम बेन डकेट को भी फिल साल्ट के साथ ओपनिंग करवा सकती है और जोस बटलर को नंबर 3 पर खिला सकती है. इससे इंग्लैंड को टॉप पर लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन बनाने में मदद मिलेगी.
इंग्लैंड की कमजोरी
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान इंग्लैंड की टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी भारतीय कंडीशंस के हिसाब से खुद को ढालना. इंग्लैंड के लिए अच्छी बात यह है कि वे अपने ग्रुप मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम और कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेलेंगे. ये दो ऐसे मैदान हैं, जहां की पिच इंग्लैंड के स्ट्रोक-प्लेयर्स को रास आएगी. हालांकि जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, इंग्लैंड को टर्निंग ट्रैक पर खेलना पड़ सकता है. इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए यह एक चुनौती होगी, खासकर उन क्रिकेटर्स के लिए जिन्हें ऐसी कंडीशंस में बल्लेबाजी करने का ज्यादा अनुभव नहीं है. इंग्लैंड की टीम में वर्ल्ड-क्लास सीमर्स की कमी है. जोफ्रा आर्चर की फिटनेस अहम होगी, क्योंकि ल्यूक वुड और जोश टोंग जैसे गेंदबाज बैटिंग के लिए अच्छी कंडीशंस में बल्लेबाजों को रोकने में संघर्ष कर सकते हैं.
इंग्लैंड की टीम में कौन होगा एक्स फैक्टर?
जैकब बेथेल इंग्लैंड की टीम में एक्स फैक्टर प्लेयर हैं. अगर जैकब बेथेल अच्छा खेलते हैं, तो इंग्लैंड की टीम एक एक्स्ट्रा स्पेशलिस्ट बॉलर खिला सकती है या बैटिंग को मजबूत कर सकती है. सबकॉन्टिनेंट टूर्नामेंट में इस तरह का फ्लेक्सिबल खिलाड़ी अक्सर एक अच्छी XI और एक टूर्नामेंट जीतने वाली XI के बीच का फर्क होता है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड कब-कब खेलेगा अपने मैच?
इंग्लैंड की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट के ग्रुप-C में शामिल है. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ 8 फरवरी को होने वाले मैच से इंग्लैंड अपने टी20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान की शुरुआत करेगा. इसके बाद इंग्लैंड को वेस्टइंडीज के खिलाफ 11 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अपना मैच खेलना है. 14 फरवरी को इंग्लैंड का सामना बांग्लादेश से होना था, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 से इस देश के नाम वापस लेने के बाद यह जगह स्कॉटलैंड को मिली सकती है. 16 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर इंग्लैंड की टीम इटली के खिलाफ अपना ग्रुप-C का आखिरी मैच खेलेगी.
टी20 वर्ल्डकप 2026 में इंग्लैंड का शेड्यूल (ग्रुप स्टेज)
इंग्लैंड बनाम नेपाल – पहला मैच – 8 फरवरी (मुंबई)
इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज – दूसरा मैच – 11 फरवरी (मुंबई)
इंग्लैंड बनाम स्कॉटलैंड (संभावित नाम) – तीसरा मैच – 14 फरवरी (कोलकाता)
इंग्लैंड बनाम ओमान – चौथा मैच – 16 फरवरी (कोलकाता)
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इंग्लैंड टीम
हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम कुरेन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल साल्ट, जोश टंग, ल्यूक वुड.