मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।
.
राज्यपाल की सुरक्षा में सामने आई चूक छतरपुर में राज्यपाल मंगुभाई पटेल की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान जब राज्यपाल मंच से संबोधन दे रहे थे, तभी उनके ऊपर और आसपास मधुमक्खियां मंडराने लगीं।
इस दौरान राज्यपाल के पीछे खड़े सुरक्षाकर्मी कागज से मधुमक्खियां भगाते नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। इसे राज्यपाल की सुरक्षा में लापरवाही के तौर पर देखा जा रहा है।
हालांकि, इस मामले पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु का कहना कुछ और ही है। उन्होंने इसे सुरक्षा में चूक मानने से इनकार करते हुए कहा कि प्रकृति भी हमारे साथ थी। जब उनसे मधुमक्खियों को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने फिर दोहराया कि प्रकृति हमारे साथ थी।
राज्यपाल के भाषण के दौरान मधुमक्खियां मंडराने लगी।
जब भाजपा विधायक ने थामा हारमोनियम सांची से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी अपने विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक भजन-कीर्तन कार्यक्रम में कुछ इस अंदाज में शामिल हुए कि माहौल भक्तिमय होने के साथ-साथ थोड़ा मनोरंजक भी हो गया।
हुआ यूं कि सीताराम.. सीताराम.. धुन पर झूमते हुए विधायक जी पहले तो झांझ बजाने लगे और फिर जोश-जोश में हारमोनियम पर भी हाथ आजमा लिया। अब समस्या ये हो गई कि कीर्तन मंडली का राग कहीं और जा रहा था और विधायक जी का हारमोनियम कहीं और ही चल रहा था। सुर और ताल अलग-अलग भागने लगे।
लेकिन भला कोई कुछ कहता भी कैसे? आखिर हारमोनियम खुद विधायक जी जो बजा रहे थे। भजन-कीर्तन के वीडियो खुद डॉ. प्रभुराम चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए तो एक यूजर ने करारा तंज कर दिया।
यूजर ने कमेंट में लिखा- आदरणीय अगर हारमोनियम बजाना नहीं आता तो क्यों बजा रहे हैं आप… जरूरी नहीं हर व्यक्ति हर काम कर सके। आप कीर्तन में बैठे, उसी में खुश हैं, हमारे विधायक धार्मिक हैं।

कीर्तन में शामिल विधायक प्रभुराम चौधरी हारमोनियम बजाने लगे।
राहुल का तंज, शिवराज बोले- गजब के ज्ञानी हैं कांग्रेस मनरेगा बचाओ अभियान चला रही है। इसी के तहत दिल्ली में हुए कार्यक्रम में राहुल गांधी नए लुक में दिखे। सिर पर गमछा बांधा और कंधे पर गैंती रखी। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ये वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया और राहुल को मजदूर अधिकारों का न्याय योद्धा बताया।
बता दें कि दिल्ली के ही कार्यक्रम में राहुल गांधी ने मनरेगा के नए स्वरूप ‘वीबी जी राम जी’ पर तंज किया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा- नए कानून का नाम क्या है, मैं नाम ही नहीं जानता, क्या है.. जी ग्राम जी क्या है…
राहुल गांधी के इस तंज पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने जवाब दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- गजब के ज्ञानी हैं राहुल जी। वीबी-जी राम जी पर दोनों सदनों में देर रात तक घंटों चर्चा हुई। पक्ष और विपक्ष ने हर पहलू पर गंभीर बहस की। देश देख रहा था, सुन रहा था। लेकिन उस समय नेता प्रतिपक्ष विदेश भ्रमण में व्यस्त थे।
अब अधिनियम पर कांग्रेस संग्राम का नाटक कर रही है, जबकि स्वयं नेता प्रतिपक्ष को अभी तक बिल का नाम तक ज्ञात नहीं। सुना है, कल एक दिन के मजदूर भी बने थे राहुल जी; गमछा कोई और पहना रहा था, और कुदाल कैसे उठानी है, यह खड़गे जी समझा रहे थे।
धन्य हैं आप राहुल जी और धन्य है आपकी ‘प्रखर बुद्धि’! आपके इसी अद्भुत ज्ञान के सहारे कांग्रेस का परम कल्याण सुनिश्चित है।

मजदूर बने राहुल गांधी। शिवराज ने कहा- धन्य हैं राहुल जी।
मंत्री लखन पटेल ने मंच से कह दी बड़ी बात दमोह के पथरिया में मंत्री लखन पटेल अलग ही अंदाज में नजर आए। उन्होंने मंच से कहा- मेरा हाथ पकड़कर कहीं भी मुझे रोककर काम बता सकते हैं और दबाव भी बना सकते हैं, और मैं करूंगा। क्योंकि आपके प्रेम और स्नेह की वजह से ही आज मैं यहां पर हूं।
मंत्री ने आगे कहा- कोई यह सोचे कि अपनी ताकत पर मैंने यह कर लिया, तो यह हमारी गलतफहमी है। जनता के आशीर्वाद और प्रेम के बिना कुछ नहीं हो सकता। हमने हाथ जोड़कर आपसे वोट लिया है, तो हमारा फर्ज भी बनता है कि हम हाथ जोड़कर आपका काम करें।
अब लोग कह रहे हैं कि मंत्री जी जनता-जनार्दन की महिमा अच्छी तरह समझ गए हैं। तभी तो ऐसी बातें कर रहे हैं। बस ये भाषणों तक सीमित न रहें, जमीन पर भी उतरें। नहीं तो… ये पब्लिक है… ये सब जानती है।

मंत्री बोले- मेरा हाथ पकड़कर मुझसे काम कराओ।
इनपुट सहयोग – राजेश चौरसिया (छतरपुर), कैलाश दुबे (दमोह)
ये भी पढ़ें – पटवारी का इमोशनल अत्याचार, बोले-कसम खाओ, बीजेपी को हराओगे: दिल्ली से बताया, फिर भी भाजपा ने ‘नए बॉस’ का नाम गलत लिखा

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने लंबे समय से नियमितीकरण की मांग कर रहे अतिथि शिक्षकों को पहले खरी-खरी सुनाई, फिर भावुक होते हुए उनसे बीजेपी को हराने और कांग्रेस को जिताने की कसम दिलाई और फिर नियमित करने का बड़ा वादा कर दिया। पूरी खबर पढ़ें