शहर के स्टेडियम परिसर को शनिवार को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। लंबे समय से परिसर के बाहर लगी अवैध गुमठियों और टपरियों को हटाने के लिए जेसीबी मशीन का उपयोग किया गया। इस अभियान के तहत सभी अस्थायी अतिक्रमण हटा दिए गए। इस कार्रवाई का नेतृत्व मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) राधेरमन यादव के मार्गदर्शन में किया गया। कोतवाली थाना प्रभारी टीआई सत्यम गुर्जर भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। नगर पालिका के कर्मचारियों ने पहले अतिक्रमणकारियों को स्वेच्छा से हटने की चेतावनी दी थी, लेकिन उनके न हटने पर जेसीबी से अतिक्रमण हटाया गया। परिसर की सुंदरता प्रभावित हो रही थी सीएमओ राधेरमन यादव ने बताया कि कुछ लोगों ने स्टेडियम परिसर के बाहर अवैध रूप से गुमटियां और टपरियां लगाकर कब्जा कर लिया था। इससे परिसर की सुंदरता प्रभावित हो रही थी। आम नागरिकों तथा खिलाड़ियों को भी असुविधा हो रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पालिका का लक्ष्य सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखना है और ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। अतिक्रमणकारियों को भविष्य में किसी भी सार्वजनिक स्थल पर दोबारा कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी गई। सीएमओ ने दृढ़ता से कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीआई सत्यम गुर्जर ने बताया कि पुलिस प्रशासन नगर पालिका के साथ मिलकर भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयों में सहयोग करेगा। इसका उद्देश्य शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना और सार्वजनिक स्थानों के दुरुपयोग को रोकना है। अतिक्रमण हटाने के बाद स्टेडियम परिसर के बाहर साफ-सफाई भी कराई गई, जिससे क्षेत्र की व्यवस्था और सौंदर्य में सुधार हुआ।
Source link