Last Updated:
न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में ओपनिंग करते हुए संजू सैमसन का बल्ला खामोश रहा. दोनों ही मुकाबलों में वह चंद गेंदों के मेहमान रहे. सीरीज में आगे भी उनका ऐसा ही प्रदर्शन रहा तो टी20 वर्ल्ड कप में ईशान किशन को अभिषेक शर्मा का ओपनिंग जोड़ीदार बनाया सकता है, जिन्होंने दूसरे मुकाबले में तीन नंबर पर आकर 76 रन की तूफानी पारी खेलकर जबरदस्त कमबैक किय.
नई दिल्ली. भारत के लिए टी20 क्रिकेट में संजू सैमसन का ओपनर के रूप में रिकॉर्ड शानदार है. सैमसन ने ओपनिंग करते हुए तीन शतक जड़े हैं, जो सिर्फ पांच मैचों में आए. हालांकि, उनकी बैटिंग पोजीशन में लगातार बदलाव हमेशा चर्चा का विषय रहा है. पहले टीम मैनेजमेंट ने शुभमन गिल को ओपनर के तौर पर टीम में फिट करना चाहा, जिसके चलते संजू को नीचे भेजा गया. हालांकि, गिल के पिछले कुछ समय में खराब फॉर्म के बाद आगामी टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए सेलेक्टर्स ने बड़ा फैसला लिया और शुभमन को टीम से ड्रॉप कर दिया. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप के लिए सैमसन को ओपनिंग की जिम्मेदारी मिली है. हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती दो मुकाबलों में सैमसन पूरी तरह फ्लॉप रहे. पहले मुकाबले में 10 रन तो दूसरे में 6 रन बनाकर चलते बने. इस प्रदर्शन से सैमसन के ओपनिंग स्लॉट पर खतरा मंडराने लगा है, खासकर तक जब ईशान किशन ने टीम इंडिया में धमाकेदार कमबैक किया है. सैमसन के बैक टू बैक फ्लॉप होने के बाद मैनेजमेंट बड़े कॉल ले सकता है. ईशान किशन को अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है.
दबाव में संजू सैमसन
संजू सैमसन ने ओपनिंग करते हुए शानदार प्रदर्शन रहा, जिसने दिखाया कि वे अभिषेक शर्मा के ओपनिंग जोड़ीदार के रूप में फिट बैठते हैं और टीम इंडिया को दमदार शुरुआत दे सकते हैं. इसके चलते ही वह आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत के पसंदीदा ओपनर बने. हालांकि, ICC इवेंट से पहले सैमसन ने अपने प्रदर्शन से सबको निराश किया, जिसने उन्हें दबाव में ला दिया है. T20 वर्ल्ड कप सिर पर है और सैमसन के लगातार दो मुकाबलों में फ्लॉप रहना टीम इंडिया के लिए बड़ी टेंशन है. जाहिर है भारत एक अच्छे कॉम्बिनेशन साथ टूर्नामेंट में जाना चाहेगा. सैमसन को टी20 वर्ल्ड कप में बतौर ओपनर खेलने के लिए बचे तीन मैचों में रन बनाने होंगे.
ईशान किशन की धमाकेदार वापसी
दो साल बाद टीम इंडिया लौटे ईशान किशन ने जबरदस्त कमबैक किया है. ईशान किशन ने रायपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में सिर्फ 32 गेंदों में 76 रन ठोककर भारत को जीत दिलाई. 2023 वनडे वर्ल्ड कप खेलने वाले और इस फॉर्मेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले ईशान को एक समय बीसीसीआई सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से भी बाहर कर दिया गया था. हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी. ईशान ने घरेलू क्रिकेट में मेहनत की और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में ऐसा प्रदर्शन किया जिसे कोई नजरअंदाज नहीं कर सकता. ईशान ने झारखंड को उसका पहला SMAT खिताब जिताया और सीजन में 197 के स्ट्राइक प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से 517 रन बनाए, जिसने उनकी टीम इंडिया में वापसी के दरवाजे खोले. इस शानदार प्रदर्शन का फायदा उन्हें तुरंत मिला और उन्हें सीधे टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम में शामिल कर लिया गया.
मौके का पूरा फायदा उठा रहे हैं ईशान
तिलक वर्मा के चोटिल होने की वजह से ईशान किशन को सीधे प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका मिला. अगर तिलक फिट होते, तो वे नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते. लेकिन अब ईशान उस मौके का पूरा फायदा उठा रहे हैं, जिसका दबाव संजू सैमसन पर साफ दिख रहा है. ईशान किशन ओपनिंग करते हुए भी रनों का अंबार लगा चुके हैं. सैमसन के बल्ले से अगले मुकाबलों में भी रन नहीं निकले तो ईशान की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उन्हें अभिषेक शर्मा का जोड़ीदार बनाया जा सकता है. पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने भी इस पर अपनी राय दी. उन्होंने कहा कि अब संजू सैमसन पर दबाव साफ नजर आ रहा है. अगर वे अगले कुछ मैचों में रन नहीं बना पाए, तो ईशान किशन उनकी जगह ले सकते हैं.
आकाश चोपड़ा के कहा, ‘अगर संजू रन बनाते हैं तो टीम में बने रहेंगे, लेकिन अगर ऐसा नहीं हुआ तो विशाखापट्टनम और तिरुवनंतपुरम में ईशान किशन खेलते नजर आ सकते हैं. यह सीरीज टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी का हिस्सा है. जो खिलाड़ी इन पांच मैचों में अच्छा प्रदर्शन करेगा, उसे वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिल सकता है. फिलहाल संजू सैमसन टीम के पहले पसंद के विकेटकीपर हैं, लेकिन अगर वे लगातार मैचों में फ्लॉप होते हैं, तो टीम मैनेजमेंट को ईशान किशन के बारे में सोचना पड़ेगा. जब तिलक वर्मा फिट होकर नंबर तीन पर लौटेंगे, तब संजू और किशन दोनों को एक साथ खिलाना मुश्किल हो जाएगा. ऐसे में टीम को किसी एक को चुनना होगा.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें